अप्रैल-मई में सात-आठ चरणों में कराए सकते हैं चुनाव
पांच राज्यों के चुनाव की भी हो सकती है घोषणा
नई दिल्ली । चुनाव आयोग शीघ्र ही लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करने जा रहा है. अप्रैल-मई में सात-आठ चरणों में चुनाव कराए सकते हैं. सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. बताया कि चुनाव आयोग 17वीं लोकसभा चुनाव की तैयारियां पूरी करने के अंतिम दौर में है. चुनाव के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा इस सप्ताह के अंत तक या अगले सप्ताह के शुरुआत तक हो सकती है. मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल तीन जून को समाप्त हो रहा है.
इस बार के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में वापसी के प्रयास में जुटे हैं और कुछ विपक्षी दलों ने सत्ताधारी भाजपा को टक्कर देने के लिए गठबंधन बनाया है. चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद अगले सप्ताह पहले और दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव पर्यवेक्षकों की बैठक होगी.
सूत्रों के अनुसार, पहले चरण के मतदान के लिए अधिसूचना मार्च के आखिर तक जारी हो सकती है और इसके लिए मतदान अप्रैल के पहले सप्ताह में होने की संभावना है.
संभावना है कि आयोग पुरानी परंपरा की तरह आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ करा सकता है. जम्मू एवं कश्मीर में भी लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव भी कराए जा सकते हैं. लेकिन यह भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण उत्पन्न जटिल सुरक्षा स्थिति पर निर्भर है.

