रेल हादसा: बिहार में सीमांचल एक्सप्रेस की 9 बोगियां पटरी से उतरी, 8 लोगों की मौत

पटना। बिहार के वैशाली जिले में रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा हो गया. जोगबनी से दिल्ली के आनंद बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस सहदेई बुजुर्ग के पास पटरी से उतर गई. हादसे में अब तक आठ लोगों के मरने की सूचना मिल चुकी है. कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं. उन्‍हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस बीच अप व डाउन लाइन पर यातायात ठप है.
दुर्घटना के बाद राहत व बचाव कार्यों को लेकर रेल मंत्री लगातार रेलवे बोर्ड के संपर्क में हैं. उन्‍होंने रेल यात्रियों की मौत पर संवेदना प्रकट की है. साथ ही घायलों के शीघ स्‍वस्‍थ होने की कामना की है.