ताखा बाजार में बोलेरो ने ली मां की जान, बेटा गंभीर

नगरा मार्ग पर गड़वार थाना क्षेत्र के ताखा बाजार के समीप गुरुवार को बोलेरो के धक्के से साइकिल से बेटे के साथ जा रही मां कलावती (50) निवासी सोनपुरवा की मौत हो गई. वहीं पुत्र संतराज राम (25) गंभीर रूप से घायल हो गया. गंभीर हालत में उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. वह अपनी मां को साइकिल पर बैठाकर घर ले जा रहा था. इसी बीच नगरा की तरफ से तेज गति से आ रही बोलेरो ने उन्हें धक्का मार दिया.

सिकंदरपुर में अबूझ हालात में अधेड़ ने दम तोड़ा

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के करमौता गांव निवासी लालबाबू (55) ने बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया. उसके बेहोश होने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. गुरुवार को भोर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

फेफना में मासूम बेटे-बेटी को फावड़े से काट डाला

फेफना थाना क्षेत्र के सिंहपुर ग्रामसभा के रामगढ़ देहलूपुर निवासी पवन चौधरी उर्फ छांगुर ने बृहस्पतिवार को अपने पुत्र पीयूष उर्फ प्रिंस (5) एवं पुत्री खुशबू (7) की घर के आंगने में ही फावड़े से काट कर हत्या कर दी. हत्यारोपी छांगुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दोनों बच्चों के खून से लथपथ शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. बताया जाता है छांगुर ने किसी बात से खफा होकर पहले पत्नी पर ही हमला बोला था. बीच बचाव करने उसकी मां और दो बहनें पहुंची, तो छांगुर ने उन्हें भी नहीं बख्शा. छांगुर ने पत्नी पर फावड़े से हमला बोल दिया, लेकिन पत्नी किसी तरह भाग निकली.

बीएसए और पूर्व लेखाधिकारी पर धोखाधड़ी का मुकदमा

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह और पूर्व वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश कुमार सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद तथा अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है. यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर की गई है.

भैंस को पकड़ने के चक्कर में गवां दी जान

भीमपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर टिटिहां गांव के मौजा बहरामपुर में मंगलवार को देवंती देवी (52) पत्नी सुखराम भैंस के पगहे में फंसकर करीब आधे घंटे तक घिसटती रही. जब तक लोग भैंस को पकड़ते, महिला गंभीर रूप से जख्मी हो चुकी थी. पड़ोसी और परिजन उसे इलाज के लिए मऊ लेकर रवाना हुए, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.