मुल्क की सलामती के लिए दुआ मांगी

आज रमजान का अन्तिम शुक्रवार यानि अलविदा की नमाज बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मुहम्मदपुर उदयपुरा की जामा मस्जिद में अदा की गयी. इस मौके पर मस्जिद के इमाम हजरत मौलाना हाजी मु. अजहर हुसैन अशरफी अलवारसी ने अपनी तकरीर में यह पैगाम दिया कि इस्लाम शांति ऒर एकता का प्रतीक है तथा देश में शांति एवं अमनो चैन के लिए दुआएं मांगी तथा बाबूराम के छपरा, सवरुबांध, नगवां, ब्यासी, अखार की मस्जिदों में भी अलविदाई जुमे की नमाज अदा की गई.

आवास योजना के लिए उदयपुर में खुली बैठक

शुक्रवार को विकास खंड दोपहर के ग्राम पंचायत उदयपुर की खुली बैठक प्राथमिक विद्यालय परिसर में हुई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए ग्राम प्रधान शमीम अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों के चयन के लिए यह बैठक बुलाई गई है, जिनके पास पक्का मकान या वाहन है, वह इस योजना के पात्र नहीं होंगे. ग्राम पंचायत सचिव भरत सिंह ने योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला. इस मौके पर सभासदों में कामिनी शाही, अजीज असलम, बाबूदीन, शहाबुद्दीन तथा ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे.

नीरज शेखर ने किया छात्र संघ का उद्घाटन

सतीश चंद्र कॉलेज के छात्रसंघ का उद्घाटन बृहस्पतिवार को राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने किया. मालूम हो कि इसी सत्र के छात्र संघ का उद्घाटन शुक्रवार को विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह भी करेंगे .उल्लेखनीय है कि छात्रसंघ दो भागों में बटा हुआ है. छात्र संघ के महामंत्री सियाराम यादव ने आज नीरज शेखर के हाथों छात्रसंघ का उद्घाटन करवाया. इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार, उपाध्याय सपा नेता बबलू तिवारी, सभा के जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.

चीन के बहिष्कार का आह्वान

बलिया के शहीद पार्क चौक में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने चीन का प्रतीकात्मक पुतला फूंका. प्रदर्शनकारियों ने लोगों से अपील किया कि वह चीन में निर्मित किसी भी वस्तु का दैनिक जीवन में उपयोग न करें. इस आशय का सभी ने संकल्प भी लिया. इस मौके पर पंकज कुमार सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.

कारपोरेट ट्रॉफी व मेडल से सम्मानित हुए प्रियंवद

भारतीय जीवन बीमा निगम के बलिया शाखा के सीनियर ब्रांच मैनेजर ओमप्रकाश लांबा, सहायक शाखा प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव व विकास अधिकारी सीबीआई ने बृहस्पतिवार को चेयरमैन क्लब के सदस्य प्रियंवद दुबे को कारपोरेट ट्रॉफी एवं मेडल से सम्मानित किया.