हत्या कर विवाहिता को पंखे से लटकाया

बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के डूहीमुसी गांव में बुधवार को घर में पंखे की हुक से लटकी एक नवविवाहिता की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विवाहिता के पिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया. प्रथम द्रष्टया पिता की शिकायत में इसलिए दम नजर आया कि ससुराली घर से फरार हो चुके थे. पुलिस ने सास-ससुर, जेठानी व पति के खिलाफ धारा 498, 304बी व 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पेड़ से गिरकर अधेड़ ने दम तोड़ा

रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सिपहां, रसड़ा में पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहे अधेड़ की डाली टूटकर गिर जाने से मौत हो गई. घटना की जानकारी होते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सिपहां (रसड़ा) निवासी मुन्ना राजभर (50) पुत्र चन्द्रदेव राजभर बुधवार की सुबह बागीचे में पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहा था. आम तोड़ते समय वह पेड़ के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया. इसी बीच अचानक डाली टूटकर नीचे गिर गई. इस वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

स्कूल खुलने से पहले बांटे बैग

शिक्षा क्षेत्र दुबहड़ अंतर्गत प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को पहली जुलाई से पूर्व समस्त एबीआरसी समन्वयकों ने स्कूल बैग का वितरण किया. प्राथमिक विद्यालय शिवरामपुर में नरेश पुत्र विजय शंकर, साक्षी पुत्री शशिकांत, काजल पुत्र गुड्डू को विजय प्रकाश तथा विद्यासागर ने संयुक्त रूप से स्कूल बैग वितरित किया. इस मौके पर दिव्या, मोहम्मद परवेज आदि मौजूद रहे. प्राथमिक विद्यालय सहोदरा की प्रधानाध्यापिका शीला श्रीवास्तव के देखरेख में स्कूल बैग का वितरण विद्या सागर एवं विजय प्रकाश ने किया. इस मौके पर प्रेरक अंकेश कुमार गिरी मौजूद रहे.

गढ़वा रोड में भाजपाइयों का धरना प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी के सदर विधानसभा क्षेत्र के नेता जितेंद्र तिवारी ने बुधवार को गढ़वा रोड स्थित कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया. तिवारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को समय से मानदेय भुगतान सहित अन्य मांगों पर विचार करने के लिए अल्टीमेटम दिया था. इस मौके पर नकुल चौबे सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.

ट्रेन के आगे कूदकर अधेड़ ने दी जान

बांसडीह रोड स्टेशन पर बुधवार को शाहगंज से छपरा जा रही पैसेंजर ट्रेन के आगे खुद कर एक अधेड़ ने जान दे दी. इसकी सूचना जीआरपी और स्टेशन मास्टर को दी गई. पुलिस ने अधेड़ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.