बालूपुर नहर मार्ग पर पलटी बाइक, राजागांव खरौनी के युवक की मौत

सिकंदरपुर (बलिया)। बालूपुर नहर मार्ग पर गुरुवार की रात में हरदिया गांव के समीप विद्युत पोल से टकराकर बाइक पलट गई, जिससे उस पर सवार बांसडीह थाना क्षेत्र के राजा गांव खरौनी निवासी रिंकू वर्मा (35) की मौत हो गई. जबकि रासबिहारी वर्मा की गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है.

रिंकू व रासबिहारी करीब रात के साढ़े 11:00 बजे स्थानीय बस स्टेशन से बालूपुर मार्ग होकर बाइक से अपने गांव जा रहे थे. वे जैसे ही हरदिया गांव के समीप पहुंचे कि बाइक अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकराकर पलट गई. जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे गांव के लोगों ने इस बारे में तत्काल सूचना स्थानीय पुलिस को दिया. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अतुल राय व एसआई धर्मेंद्र कुमार ने तत्काल मौके पर पहुंच गांव वालों के सहयोग से दोनों को स्थानीय सीएचसी भिजवाया जहां जाने के बाद डॉक्टर ने रिंकू  वर्मा को मृत घोषित कर दिया जबकि प्राथमिक उपचार के बाद रासबिहारी को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.

बलिया लाइव लेटेस्ट अपडेट

बनारस लाइव लेटेस्ट अपडेट