खोरौली में महिला को बंधक बनाकर लूटा मवेशी

सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खोरौली में सोमवार की रात पिकअप एवं मोटरसाइकिल से आए एक दर्जन हथियारबन्द बदमाशों ने महिला को बन्धक बना कर एक भैंस और पड़िया खोल ले गए. हाई टेक मवेशी लूट की इस घटना से क्षेत्र के पशु पालकों मे दहशत है. पुलिस घटना की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि खोरौली मुख्य मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप रहने वाली जीउती देवी सोमवार की रात मवेशियों के पास खाट पर सोयी थी. रात करीब 11 बजे पिकअप एवं दो मोटरसाइकिलों पर सवार लगभग एक दर्जन हथियारबन्द बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी भैंस व पड़िया को खोलकर पिकअप पर लाद कर आराम से निकल गए.

विदेश राज्यमंत्री आज बलिया में

सतीश चंद्र कॉलेज के छात्र संघ का उद्घाटन पहली जुलाई को अपरान्ह एक बजे विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह करेंगे. बलिया के सांसद भरत सिंह एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री दयाशंकर सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि इस समारोह में शिरकत करेंगे. यह जानकारी सतीश चंद्र कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक कुमार पाठक एवं महामंत्री सियाराम यादव ने दी.

सद्भाव की मिसाल है पुरवा दादा का छपरा

हिन्दू-मुस्लिम सद्भाव का अद्भुत नजारा देखना हो तो शहर से सटे दुबहड़ ब्लाक के ग्राम सभा अखार के पुरवा दादा के छपरा में आपका स्वागत है. इस गांव में मजार व मन्दिर न सिर्फ एक ही परिसर में स्थित है, बल्कि यहां दोनों समुदायों के लोग उर्स व शिवरात्रि का पर्व एक साथ मनाते भी हैं. खास बात यह है कि मन्दिर के कर्त्ता-धर्ता व साल में दो बार लगने वाले उर्स (मेला) का सरंक्षक एक ही व्यक्ति है. उस शख्स का नाम है गुप्तेश्वर पाठक उर्फ गोगा पाठक.

स्वच्छता के 120 दूत करेंगे जिले का कायाकल्प

एक होटल में 5 दिनों तक तक चलें आवासीय कार्यशाला को समापन हो गया. प्रशिक्षण के माध्यम से 120 स्वच्छता दूतों की एक फौज तैयार कर ली गई है, जो जनपद के 17 विकासखंडों के 830 ग्राम पंचायतों में घर घर जाकर निजी शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करेंगे. इसका उद्देश्य खुले में शौच से मुक्त ग्राम का निर्माण करना है. पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित इस कार्यशाला का समापन करते हुए जिला अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि शौचालय हर परिवार की प्राथमिकता में शामिल है. बलिया के लोग इसके प्रति काफी जागरूक हैं.

सड़क हादसों में बलिया में 108 की जान गई

बनारस। बलिया में भी कुछ लोगों की मांग है कि बनारस की तर्ज पर उनके शहर को स्मार्ट सिटी घोषित किया जाए. बलिया में बीते साल हुए 166 सड़क हादसों में 108 लोगों की मौत हुई है और 93 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है. स्मार्ट सिटी के कतार बनारस और बलिया का फासला कितना है यह तो अभी शोध का विषय है, मगर सड़क हादसों के मामले में बनारस के ठीक बाद यूपी में बलिया का नंबर है. अर्थात इस सूची में नौंवे नंबर पर अगर बनारस है तो दसवे नंबर अपना बलिया है. बनारस के एसपी ट्रैफिक कमल किशोर की माने तो इन सभी दुर्घटनाओं की जड़ में नशे में गाड़ी चलाना, तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी है.