नारद समर्थकों ने भी किया खुशी का इजहार

सोमवार को सदर विधायक नारद राय को प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के मंत्रिमंडल में बतौर कैबिनेट मंत्री शामिल किए जाने से सर्वत्र जश्न का माहौल रहा. जगह जगह लोगों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया. कैबिनेट में शामिल किए जाने के लिए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव तथा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बधाइयां दी गई. नगर क्षेत्र के कदम चौराहा पर स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटकर समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए.

गंगा नदी में डूबने से किशोर की मौत 

रेवती थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मुनि छपरा निवासी सुरेंद्र तिवारी का 12 वर्षीय पुत्र दीपक तिवारी की गंगा में डूबने से मौत हो गई. वह हल्दी थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी भुवनेश्वर चौबे के यहां आया हुआ था. सोमवार को गंगा नदी में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया

मिशन 2017 के लिए बसपाइयों ने शुरू किया होमवर्क

फेफना विधानसभा क्षेत्र के बसपा पदाधिकारियो की बैठक सोमवार को नरेंद्र कुमार धुसिया की अध्यक्षता में स्थानीय सब्जी मण्डी में हुई. बैठक में तीन जुलाई को होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन और कैडर समीक्षा कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई. बैठक में बसपा जिलाध्यक्ष संतोष राम तथा फेफना विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अभिराम सिंह दारा ने बताया की तीन जुलाई को फेफना के सब्जी मण्डी में ही दस बजे क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओ एवं पदाधिकारियों को जुटने को कहा गया है.

रिजवी समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया

सिकंदरपुर विधायक मु. रिजवी को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की सूचना पर विधानसभा क्षेत्र सिकंदरपुर के सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी. सोमवार को सैकड़ों की संख्या में समर्थक विधायक प्रतिनिधि डॉ. मदन राय की अगुवाई में बस स्टेशन चौराहे पर जुटकर जमकर खुशियां बांटी. बस स्टेशन चौराहे पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नगाड़े बजाकर पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी. एक दूसरे का मुंह मीठाकर खुशियों का इजहार किया.

अधेड़ ने खाया विषाक्त पदार्थ, मौत

रेवती थाना क्षेत्र के हड़िया कला गांव निवासी अभय मिश्र (45) ने रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों विषाक्त पदार्थ खा लिया. इसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसकी भनक लगने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.