फर्जीवाड़े पर तहसीलदार ने कसे पेंच

बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कला गांव के दर्जन भर लोगों का फर्जी जाति प्रमाण पत्र निर्गत होने की शिकायत तहसीलदार बांसडीह हीरालाल को मिली थी. इसके बाद तहसीलदार ने स्वयं अपने स्तर इसकी जांच शुरू कर दी. मामले का खुलासा होने के बाद विभिन्न योजनाओं में फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाकर लाभ लेने वालों में शामिल पूर्व ग्राम प्रधान समेत 17 लोगों को इस मामले में नोटिस जारी किया गया है. इस मामले में तहसीलदार ने संदिग्धों को 30 जून तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने का कहा है.

प्रमोद यादव सुल्तानपुर के पीडी बने

बलिया के पीडी प्रमोद यादव सुल्तानपुर के पीडी बने. वही डीडीओ जगत नारायन राय संयुक्त विकास आयुक्त मुख्यालय हुए.

रसड़ा के श्रीनाथ बाबा सरोवर में युवक डूबा, मौत

रसडा नगर के श्रीनाथ बाबा सरोवर में मंगलवार को स्नान करने के लिए कोतवाली क्षेत्र के छितौनी निवासी राजेश शर्मा उर्फ अटल (18) पुत्र परमानंद शर्मा गया हुआ था. गहरे पानी में फिसल जाने की वजह से वह डूबने लगा, इसकी भनक लगने पर आसपास के लोगों ने उसे निकाला और रसड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया. हालांकि चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

बलिहार में लाखों की चोरी

हल्दी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव में सोमवार की देर रात चोर खिड़की का ग्रील निकालकर घर के अंदर घुस गए. इसके बाद तिजोरी एवं तीन कमरे का ताला तोड़कर लगभग 24 लाख रुपये के आभूषण एवं 15 हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया. छत पर सो रहे पति-पत्नी भोर में नीचे उतरकर हालात देखे तो दंग रह गए. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस स्थलीय निरीक्षण के बाद मामले की छानबीन में जुट गई.

400 शिक्षकों के चौखट पर पहुंचा ‘परवाना’

परिषदीय स्कूलों में चल रही 15 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया न सिर्फ पूरी हुई, बल्कि नवनियुक्त शिक्षकों के घर नियुक्ति पत्र पहुंचाने वाला बलिया प्रदेश का पहला जनपद बन गया. बीएसए डॉ. राकेश सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने दिन-रात एक कर नियुक्ति पत्र तैयार किया, जिसे मंगलवार को सभी ब्लाकों के एबीआरसी के माध्यम से नवनियुक्त शिक्षकों के घर पहुंचाया गया. अपनी दहलीज पर नियुक्ति का आदेश पाकर नवनियुक्त शिक्षकों की खुशी न सिर्फ दोगुनी हो गयी, बल्कि उत्साह सातवें आसमान पर था। हो भी क्यों न? आखिर सुअवसर खुद उनके चौखट पर दस्तक दे रहा है.