विद्या सिंह नहीं रहीं, शिक्षक बिरादरी में शोक

शिक्षा क्षेत्र दुबहड़ के प्राथमिक विद्यालय उदयपुरा में कार्यरत सहायक अध्यापिका विद्या सिंह का रविवार की रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. उनके निधन पर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने उनकी आत्मिक शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. बीआरसी दुबहड़ के प्रांगण में सोमवार को डेढ़ बजे दिन में एक शोकसभा आयोजित की गई, जिसमे शिक्षा क्षेत्र के समस्त प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों ने भाग लिया. उल्लेखनीय है कि विद्या सिंह के पति अमरजीत सिंह, शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज, नगवा में शिक्षक के पद पर कार्यरत रहे हैं.

बच्चों को स्कूल बुलाने का मंत्र बताया

दुबहड़ के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने सोमवार को क्षेत्र के समस्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा प्रभारी प्रधानाध्यापकों एनपीआरसी एवं समस्त एबीआरसी की बैठक ब्लॉक संसाधन केंद्र दुबहड़ पर की. उन्होंने 2 जुलाई को विद्यालय खुलने पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति का पाठ पढ़ाया. उन्होंने उपस्थिति के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल दिया है.

बलिया में पारदर्शी चयन प्रक्रिया के लिए बीएसए सम्मानित

प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में चल रही 15000 सहायक अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत बलिया में 400 अभ्‍यर्थियों का चयन शुक्रवार को होने के बाद शनिवार को विकलांग एवं महिला अभ्‍यर्थियों से स्कूल का विकल्प लिया गया. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पकवाइनार पर बीएसए राकेश सिंह ने विकल्प लेने के साथ ही अभ्‍यर्थियों को भरोसा दिलाया कि 28 जून को उन्हें नियुक्ति पत्र मिल जाएगा. डायट से लौटने के बाद बीएसए जैसे ही अपने आवास पर पहुंचे, दर्जनों चयनित अभ्‍यर्थी फूल-माला व बुके के साथ उन्हें सम्मानित करने पहुंच गए.

शिक्षकों के पदोन्नति में आरक्षण का अड़ंगा

उच्चतम न्यायालय यह स्पष्ट आदेश दे चुका है कि पदोन्नति में किसी प्रकार का आरक्षण नहीं दिया जाएगा. इसके बावजूद बलिया में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक पद पर की गई 368 शिक्षकों की पदोन्नति बाधित है. बलिया ही नहीं, इस प्रकार के मामले प्रदेश के सभी जनपदों में समान है. जुलाई 2015 में प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक के पद पर की गई. पदोन्नत के विरुद्ध प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुसूचित जाति/जनजाति के शिक्षक आरक्षण की मांग को लेकर हाईकोर्ट चले गए.

धूमधाम से मनाई 25वीं सालगिरह

जबलपुर में रेलवे के मुख्य परिचालन प्रबंधक आईएएस (एलायड) राजेश पाठक एवं सरिता पाठक की शादी की पचीसवी सालगिरह डीएलडब्ल्यू (वाराणसी) के विश्राम गृह धूमधाम से मनाई गई. इस अवसर पर उनके रिश्तेदारों व शुभचिंतकों का जमावड़ा रहा.