महिलाओं के उग्र प्रदर्शन से प्रशासन की बोलती बंद

शनिवार की दोपहर कोतवाली क्षेत्र के लगभग पचास महिलाएं पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन देने एडीएम बच्चा लाल मौर्या के कोर्ट पहुंचीं. महिलाओं की अगवाई भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व नगर महामंत्री संध्या पांडेय कर रही थीं. इसके बाद ये महिलाएं उग्र प्रदर्शन करने लगी. उनका आरोप था कि एडीएम ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का मारा. महिलाओं में आक्रोश इस कदर था कि न्यायिक कार्य बाधित होने लगा. उन्होंने कुर्सी मेज इधर उधर उठाकर फेंका भी. कोर्ट में हंगामा किया और तोड़फोड़ की.

जांच में बंद मिले चार स्कूल, 44 शिक्षक गैरहाजिर

ग्रीष्मावकाश के बाद शनिवार को परिषदीय स्कूलों का ताला खुलते ही अध्यापकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति व गुणवत्तायुक्त शिक्षा व्यवस्था जांचने निकली टीमों ने काफी सघनता से पड़ताल की. कुल 217 स्कूलों के निरीक्षण में जहां 44 शिक्षक अनुपस्थित मिले, वहीं चार स्कूलों पर ताला लटका हुआ मिला. बगैर सूचना अनुपस्थिति मिले इन शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने दिया है.

रंग लाया कांग्रेसी विनोद सिंह का अनशन

जिला प्रशासन व बिजली विभाग के अधिकारियों की उदासीनता चरम पर है. इसी के विरोध में दिघार में 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र की स्थापना के लिए कांग्रेस नेता विनोद सिंह द्वारा किया जा रहा बेमियादी अनशन दूसरे दिन उग्र रूप धारण कर लिया. विभागीय अधिकारियों के अनशन स्थल पर न पहुंचने से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार ग्यारह बजे दिघार पावर हाउस से सप्लाई बन्द कराने के बाद उसके गेट पर तालाबंदी कर दी.

पहले बाइकर ने धक्का मारा, दूसरे ने रौंद दिया

बलिया नगर क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर शीशमहल सिनेमा हाल के पास नवमी शर्मा (60) की बाइक की टक्कर से मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सहतवार थाना क्षेत्र के बिसौली गांव निवासी नवमी शर्मा तिवारी आरा मशीन पर ही रह कर काम करते थे. शनिवार को सुबह वह अपने आरा मशीन के सामने से गुजर रहे थे कि एक बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में वह हाईवे पर ही गिर पड़े. तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक नवमी शर्मा को कुचलते हुए आगे निकल गई.

छात्रों ने नगर पालिका कार्यालय घेरा

शहर की खस्ताहाल सड़कों के चलते लोगों में चिता व्याप्त है, कारण, बारिश की शुरुआत हो चुकी है. शहरियों का कहना है कि जिस प्रकार से नगर पालिका क्षेत्र की सड़कें एवं नालियां टूटी हुई हैं, उससे नारकीय स्थिति में जीने को मजबूर होना पड़ सकता है. नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यालय जिस सड़क पर स्थित है, उसकी स्थिति बदतर है. नया चौक से चंद्रगुप्त मंदिर को जाने वाली सड़क अतिक्रमण से ग्रसित तो है ही, पैदल चलने के लायक भी नहीं है.