राष्ट्रीय लोक अदालत 9 को

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय प्रांगण में 9 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से होगा. सिविल जज मृदुल दुबे ने बताया कि इसमें विशेष तौर पर विद्युत, जल, दूरभाष, जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित एवं दीवानी फौजदारी उत्तराधिकार मोटर दुर्घटना आदि से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी.

शिक्षा अधिकारियों ने दिखाई मुस्तैदी

ग्रीष्मावकाश के बाद 2 जुलाई को पहले दिन विद्यालय खुलने पर बेसिक शिक्षा महकमे के आला अफसरों ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इसकी तैयारी पहले से ही कर ली थी. उन्होंने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों के निरीक्षण करने के लिए शिक्षा क्षेत्रों को बदल दिया था. शनिवार को समस्त खंड शिक्षा अधिकारी समन्वयक अपने-अपने चिन्हित क्षेत्रों में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया.

Narad Rai

मंत्री नारद राय के प्रथम आगमन पर होगा भव्य स्वागत

नारद राय को दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रथम आगमन को लेकर स्वागत की जोरदार तैयारी चल रही है. नगर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बैठक कर भव्य स्वागत करने का निर्णय लिया है. बलिया में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री बनने के बाद नारद राय पहली बार 2 जुलाई को बलिया आ रहे हैं. यह बातें चंद्रशेखर नगर स्थित शिविर कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी अध्यक्ष भीम यादव ने कही. उन्होंने बताया कि वे सड़क मार्ग से शाम 3:00 बजे उजियार भरौली पहुंचेंगे.

मामूली विवाद में गई रिटायर्ड दरोगा की जान

महेंद गांव में बकरी चराने के विवाद में दो पक्षों में तकरार हुई. उसी बीच एक पक्ष के हमले में दूसरे पक्ष के रिटायर्ड दारोगा मैनुद्दीन खां (60) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उनके तीन बेटे जियाउद्दीन (35), जुबैर (30) तथा दानिश (25) जख्मी हो गए. वाकया शुक्रवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे का है. घटना की जानकारी के बाद एसपी ग्रामीण अनिल कुमार सहित सीओ प्रभात कुमार भी मौके के लिए रवाना हो गए. गांव में तनाव की स्थिति है. यह भी इत्तेफाक ही रहा कि दारोगा मैनुद्दीन खां घटना से कुछ ही देर पहले बलिया से रिटायर्ड होकर गांव पहुंचे थे.

दबोचे गए मवेशी तस्कर

बांसडीह कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को देर रात गश्त के दौरान क़स्बा के अम्बेडकर तिराहे पर मवेशी लदे पिकअप सहित दो तस्करों व ड्राइवर को धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों का पशु क्रूरता की धाराओं में पुलिस ने चालान कर दिया. पुलिस के मुताबिक गाड़ी सात के करीब मवेशी लदे थे. इन्हें दबोचने वाली टीम की अगुवाई बांसडीह कोतवाली प्रभारी व एसआई वीरेंद्र यादव कर रहे थे.