मथुरा महाविद्यालय के गेट के सामने शुक्रवार को आक्रोशित छात्र नेताओं ने कैबिनेट मंत्री आजम खां का पुतला फुंक कर विरोध जताया. इसके पूर्व छात्रनेताओं को छात्र भवन में संबोधित कर रहे राजवीर सिंह ने कहा कि मंत्री आजम खां ने उटपटांग बयान देकर महिलाओं के मान सम्मान को ठेस पहुंचाया है. महिला उत्पीडन पर गलत बयान देने के लिये सार्वजनिक रूप से उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए.
छोटे लोहिया के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की 84वीं जयंती पर बलिया में विविध कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किए गए. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री नारद राय के निर्देश पर उनके सुपुत्र नवीन राय गोलू की अगुवाई में समाजवादी पार्टी के नगर विधानसभा क्षेत्र के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर नगर स्थित कैंप कार्यालय पर जनेश्वर मिश्र की 84वीं जयंती धूमधाम से मनाई.
चौबेछपरा में गुरुवार को अचानक तेज कटान शुरू हो गया और पलक झपकते राजनारायण मिश्र, राजकिशोर मिश्र और रामकेशरी देवी के रिहायशी मकान नदी मे विलीन हो गए. कटान को देखते हुए चौबेछपरा के अधिसंख्य मकानो पर दिल-दहलाने वाले हथौडे चलने लगे. एक साथ दर्जन भर मकानों पर चल रहे हथौड़ों की आवाज से आस-पास के लोगों का कलेजा कांप रहा है.
