शिक्षा की गुणवत्ता और हर व्यवस्था हो चाक-चौबंद : डॉ. राकेश सिंह

शिक्षा क्षेत्र नगरा के 35 स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने रसोई गैस उपलब्ध कराया. इस दौरान बीएसए ने रसोई गैस संचालन के बाबत शिक्षकों को दिशा-निर्देश दिया. कहा कि रसोइयों को इसके लिए प्रशिक्षित कर दिया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े. बीएसए ने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्कूल की व्यवस्था को भी चाक-चौबंद बनाने का निर्देश दिया.

तीन सूत्री मांगों के समर्थन में शिक्षामित्रों ने दिया धरना

उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ बलिया के तत्वावधान में शिक्षामित्रों ने सोमवार को बीएसए कार्यालय के प्रांगण में धरना प्रदर्शन किया. तत्पश्चात मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्री मांग पत्र बीएसए एवं डीएम को सौंपा गया. वक्ताओं ने मांग किया कि तृतीय बैच का समायोजन किया जाए. तृतीय बैच का अपूर्ण परीक्षाफल अविलंब घोषित किया जाए. अवधेश मानदेय बकाया 15 जुलाई तक किसी भी दशा में भुगतान किया जाए. चेताया कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो 16 जुलाई से डीएम कार्यालय के सामने क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा.

बलिया में सम्बद्ध 29 शिक्षकों को बीईओ ने किया रिलीव

शासन द्वारा परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की अस्थायी सम्बद्धता को समाप्त करने सम्बंधित शासनादेश के क्रम में बीएसए डॉ. राकेश सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में सोमवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार पटेल ने 29 शिक्षकों को रिलीव कर दिया. खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि अस्थायी तौर पर सम्बद्ध अध्यापक तत्काल मूल विद्यालय पर पदभार ग्रहण कर लें. सोमवार को उन्होंने सोहांव शिक्षा क्षेत्र में 15, दुबहर व बेलहरी शिक्षा क्षेत्र में क्रमश: 07-07 शिक्षकों की सम्बद्धता समाप्त करते हुए रिलीव कर दिया.

जांच में बंद मिले चार स्कूल, 44 शिक्षक गैरहाजिर

ग्रीष्मावकाश के बाद शनिवार को परिषदीय स्कूलों का ताला खुलते ही अध्यापकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति व गुणवत्तायुक्त शिक्षा व्यवस्था जांचने निकली टीमों ने काफी सघनता से पड़ताल की. कुल 217 स्कूलों के निरीक्षण में जहां 44 शिक्षक अनुपस्थित मिले, वहीं चार स्कूलों पर ताला लटका हुआ मिला. बगैर सूचना अनुपस्थिति मिले इन शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने दिया है.

बीएसए और पूर्व लेखाधिकारी पर धोखाधड़ी का मुकदमा

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह और पूर्व वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश कुमार सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद तथा अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है. यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर की गई है.