भारतीय जनता पार्टी 2017 के विधानसभा मिशन को लेकर चल रही है. गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय पर बैठक को संबोधित करते हुए विधायक उपेंद्र तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बदौलत ही पार्टी मजबूत है. सभी कार्यकर्ता घर घर जाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करें. पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि भाजपा आम जनता की पार्टी है. इसके प्रति लोगों का झुकाव बढ़ा है. इस मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं को कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया.
हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने संतों पर अभद्र टिप्पणी करने वाले पीस पार्टी के अध्यक्ष डॉ.अयूब का टीडी कालेज चौराहे पर पुतला दहन किया. जिला प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि डॉ.अयूब ने संतों पर जो टिप्पणी की है, वह पूरी तरह निंदनीय है. ऐसे बेतुके बोल बोलने वाले को तत्काल गिरफ्तार किया जाए अन्यथा संगठन पूरे प्रदेश में आंदोलन खड़ा करेगा.
संयुक्त व्यापार समिति ने भी भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति सिंह के समर्थन का ऐलान किया है. व्यापारी नेता एवम् समिति के अध्यक्ष श्याम कृष्ण गोयल ने स्वाति सिंह द्वारा बसपा नेताओं पर दर्ज मुकदमा पर अभी तक शासन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने को अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया.
बहादुरपुर स्थित सेवायोजन कार्यालय परिसर में शुक्रवार को रोजगार मेला आयोजित किया गया है. सेवायोजन अधिकारी एके पाण्डेय ने बताया कि इस एक दिवसीय मेले में विनुथना फर्टिलाईजर कंपनी लिमिटेड हैदराबाद द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा. बताया कि रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष तक के हाईस्कूल पास अभ्यर्थी उपस्थित होकर इसका लाभ उठा सकते हैं.
