झोंपड़ी में आग लगने से आधा दर्जन बकरियों की झुलसकर मौत

बांसडीह : क्षेत्र के ग्राम हालपुर के मल्लाह बस्ती में बुधवार की रात चूल्हे की आग की चिंगारी से लगभग आधा दर्जन बकरियों की झुलसने से मौत हो गयी. साथ ही एक मुर्रा भैंस बुरी तरह झुलस गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्भय नारायण साहनी के परिवार के सदस्य चूल्हे पर खाना बनाने के बाद आग ताप रहे थे. इसके बाद आग को उसी तरह छोड़कर सोने चले गए. रात में चूल्हे की आग से उनकी रिहायशी झोपड़ी में आग लग गई.

 

 

आग की लपटें देख परिवार के लोग शोर मचाने लगे. इससे आसपास के लोगों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने से पहले ही झोंपड़ी में बंधी लगभग आधा दर्जन बकरियों की झुलसने से मौत हो गई. साथ ही, एक मुर्रा भैंस 80 फीसदी झुलस गई.

इसके अलावा उसमें रखा पशुओं का भूसा गेहूं, धान और चादर-बिस्तर जलकर राख हो गया. पशुओं के झुलसने और मौत की सूचना पर पहुंचे उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मनोज कुमार राय और डॉक्टर राज भार्गव ने झूलसी भैंस का इलाज किया.