खोरौली में महिला को बंधक बनाकर लूटा मवेशी

सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खोरौली में सोमवार की रात पिकअप एवं मोटरसाइकिल से आए एक दर्जन हथियारबन्द बदमाशों ने महिला को बन्धक बना कर एक भैंस और पड़िया खोल ले गए. हाई टेक मवेशी लूट की इस घटना से क्षेत्र के पशु पालकों मे दहशत है. पुलिस घटना की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि खोरौली मुख्य मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप रहने वाली जीउती देवी सोमवार की रात मवेशियों के पास खाट पर सोयी थी. रात करीब 11 बजे पिकअप एवं दो मोटरसाइकिलों पर सवार लगभग एक दर्जन हथियारबन्द बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी भैंस व पड़िया को खोलकर पिकअप पर लाद कर आराम से निकल गए.

हल्दी सहतवार रोड के भी दिन फिरे, निर्माण कार्य तेज

कहते हैं घुरे के भी दिन फिरते हैं. इस बात की तस्दीक कर रहा बलिया जिले का हल्दी सहतवार मार्ग. बरसो बाद प्रशासन को इस पर दया आई. बलिया, बैरिया और बांसडीह सरीखे तीन-तीन विधानसभा क्षेत्रों के बार्डर पर पर दर्जनों गांवों को बरसों बाद सड़क की सौगात मिली है. इन गांवों को एनएच 31 से जोड़ने वाले हल्दी-सहतवार मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. बरसात से पहले सड़क पर गिट्टी बिछाने का काम पूरा हो जाएगा, जिससे कीचड़ से राहत मिलेगी.