बांसडीह (बलिया): हालपुर गांव निवासी 30 वर्षीय रामप्रवेश साहनी की मंगलवार दोपहर नदी में डूबने से मौत हो गई. वह डेंगी यानी छोटी नाव पर सवार होकर नदी में मछली पकड़ने गए थे. इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में गिर गए. आसपास मौजूद मछुआरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना के समय नदी के आसपास दूसरे मछुआरे भी मौजूद थे. दूर से रामप्रवेश को पानी में गिरते देख उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर आसपास मौजूद कई मछुआरे भी मौके पर पहुंच गए, बचाने के लिए नदी में राम प्रवेश की तलाश शुरू की गई.
मछुआरों ने पानी में काफी देर तक रामप्रवेश की तलाश की. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला जा सका. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और रामप्रवेश की मौत हो गई थी.
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की. पुलिस ने रामप्रवेश के शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
रामप्रवेश की मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा. हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे हालपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
रविशंकर पांडेय, बांसडीह

