DM_Hanumanganj_1_700
बलिया। जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस ने हनुमानगंज ब्लाक का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अनुपस्थित मिले कर्मियों का स्पष्टीकरण मांगा गया. ब्लॉक परिसर में दो साल पहले पेड़ों की कटाई की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने जांच कराने का निर्देश दिया.
सोमवार को जिलाधिकारी मासिक समीक्षा बैठक करने के बाद सीडीओ संग अचानक हनुमानगंज विकास खण्ड मुख्यालय पर जा धमके. इससे वहां कर्मी हरकत में आ गये. जिलाधिकारी तत्काल उपस्थिति पंजिका मंगवा कर चेक किया तो एडीओ पंचायत बरमेश्वर नाथ ठाकुर, दुर्गाशक्ति यादव, पत्रवाहक अमित कुमार गायब मिले. मनरेगा सेल के एकाउंटैंट अजीत सिंह, तकनीकी सहायक गिरीशचंद पाण्डेय व ब्लाक सोशल कोआर्डिनेटर वीरेंद्र कन्नौजिया भी गायब मिले.

जिलाधिकारी ने इन अनुपस्थित कर्मियों का स्पष्टीकरण मांगा. कहा संतोषजनक स्पष्टीकरण नही होने पर वेतन रोक दिया जाए. एनआरएलएम के तहत समूहों के गठन के बावत जानकारी ली. एक-एक लिपिकों से उनके टेबल संबंधी कार्य के बारे में पूछताछ की. पूरे परिसर में भ्रमण कर साफ सफाई की स्थिति को देखा. एएनएम सेंटर पर गायब एएनएम को भी स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति ने शिकायत किया कि ब्लाक परिसर में दो साल पहले विना मूल्यांकन व आवश्यक कार्यवाही किये हरे पेड़ों की कटाई की गयी. इस पर नाराज जिलाधिकारी ने सीडीओ को गम्भीरता से जांच कराने का निर्देश दिया. कहा कि अगर शिकायत सही मिली तो दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए. निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक साथ रहे.