Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
रविशंकर पांडेय,बांसडीह,बलिया
बांसडीह,बलिया. सरयू नदी का जलस्तर सोमवार की देर रात अचानक तेजी से बढ़ने लगा। मंगलवार को नदी का पानी सुल्तानपुर, भोजपुरवा, महाराजपुर और चांदपुर समेत तटवर्ती गांवों की ओर तेजी से फैलने लगा। इसी बीच जयनगर-पर्वतपुर पुल के एक फाटक के बंद नहीं होने से सरयू का पानी दहताल में जाने लगा।
तेज बहाव देखकर ग्रामीणों में चिंता और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए फाटक बंद कराने की पूरी कार्रवाई की निगरानी की। मंगलवार के करीब रात 12 बजे काफी प्रयास के बाद फाटक बंद कराया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
टीएस बंधा पर जयनगर गांव के पास बने पुल में चार लोहे के फाटक हैं। बाढ़ के दौरान इन फाटकों को बंद कर दिया जाता है, जबकि जलस्तर घटने पर दहताल का अतिरिक्त पानी दक्षिण दिशा से सरयू नदी में वापस जाने के लिए इन्हें खोला जाता है। जलस्तर घटने के बाद फाटक खोले गए थे।
सोमवार की देर रात सरयू का जलस्तर अचानक बढ़ने से नदी का पानी पुल के रास्ते दहताल में जाने लगा। इसकी सूचना मिलते ही बाढ़ विभाग की टीम सक्रिय हुई। तीन फाटकों को बंद कर दिया गया, लेकिन एक फाटक बंद नहीं हो पा रहा था। इससे नदी का पानी लगातार दहताल में जाने लगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने बाढ़ विभाग के कर्मचारियों को तत्काल फाटक बंद कराने के निर्देश दिए और पूरी कार्रवाई पर नजर बनाए रखी। कर्मचारियों ने बांस और मिट्टी के सहारे पानी के तेज बहाव को रोकने का प्रयास किया। देर रात तक चले प्रयास के बाद करीब 12 बजे फाटक भी बंद करा दिया गया।
फाटक खुला रहने से सरयू का पानी लगातार दहताल में जाने के कारण आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही थी। फाटक बंद होने के बाद पानी का बहाव रुकने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। प्रशासन और बाढ़ विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
उधर, सुल्तानपुर पोखरा बस्ती, भोजपुरवा, महाराजपुर, चांदपुर समेत अन्य गांवों के पास भी सरयू का पानी तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीण नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। अचानक बढ़े जलस्तर से तटवर्ती इलाकों में एक बार फिर बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जलस्तर की स्थिति: सरयू डीएसपी हेड पर मंगलवार शाम चार बजे जलस्तर 64.58 मीटर तथा बुधवार को सुबह 8 बजे 64.71 दर्ज किया गया, जबकि चांदपुर में शाम चार बजे जलस्तर 58.43 मीटर रहा। बुधवार सुबह आठ बजे 58.80 दर्ज किया गया।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.
