Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
रविशंकर पांडेय,बांसडीह
बांसडीह,बलिया. बांसडीह के आदित्य मैरिज हॉल में गुरुवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री स्व. रामगोविंद चौधरी की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में आजमगढ़ सांसद एवं समाजवादी पार्टी के लोकसभा सचेतक धर्मेंद्र यादव ने पहुंचकर स्व. चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र यादव कई बार भावुक हो गए।
उन्होंने कहा कि बलिया की माटी से निकलकर रामगोविंद चौधरी ने प्रदेश और देश के समाजवादियों के बीच अलग सम्मान और मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा, “हमने कभी सोचा भी नहीं था कि बलिया की मिट्टी पर आकर ऐसे कार्यक्रम में शामिल होकर बाबूजी की श्रद्धांजलि सभा में बोलना पड़ेगा।”
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि रामगोविंद चौधरी में राजनीति के प्रति गजब का उत्साह था। बलिया के लोग उनके इस जज्बे को भली-भांति जानते हैं। बलिया की धरती का इतिहास रहा है कि यहां के लोग किसी भी सत्ता के आगे नहीं झुके। यही जज्बा रामगोविंद चौधरी के व्यक्तित्व में भी दिखाई देता था।

धर्मेंद्र यादव ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव-2022 का संस्मरण सुनाते हुए कहा कि 47 डिग्री की तपती दोपहरी में रानी की सराय बाजार में प्रचार के दौरान रामगोविंद चौधरी अस्वस्थ होने के बावजूद काफिले के साथ पैदल चलते रहे। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं रुके। यह उनके भीतर मौजूद बलिया की मिट्टी के जज्बे का उदाहरण था।
उन्होंने कहा कि 1991 में जब नेताजी मुलायम सिंह यादव जसवंतनगर से चुनाव लड़ रहे थे और तत्कालीन कल्याण सिंह सरकार के समय सपा नेताओं को मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा था, तब बलिया, गाजीपुर और आजमगढ़ की धरती के नेताओं ने चुनाव की कमान संभाली थी। रामगोविंद चौधरी उस समय अग्रिम पंक्ति में रहे।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने रामगोविंद चौधरी को हमेशा कठिन राजनीतिक परिस्थितियों वाली सीटों पर मैदान में उतारा, लेकिन उन्होंने हर बार अपनी राजनीतिक पकड़ और जनविश्वास के दम पर जीत हासिल की। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उनसे मिलने पहुंचे थे, तब भी वे क्षेत्र में जाने की बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रामगोविंद चौधरी की अंतिम इच्छा यही थी कि उनके बीमारी और बिस्तर पर रहने की स्थिति के बावजूद अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का सपना पूरा हो। ऐसे नेता का जाना समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है।
सभा की अध्यक्षता उदय बहादुर सिंह ने की तथा संचालन बीरबल राम ने किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सुनील मौर्य, विधायक जियाउद्दीन रिजवी, जयप्रकाश अंचल, संजय उपाध्याय, डॉ. विश्राम यादव, हरेंद्र सिंह, श्याम बहादुर सिंह, यशपाल सिंह, नीरज सिंह गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख बंशीधर यादव, उमेश मिश्रा आशीष कुमार सिंह सुशांत राज पाठक समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.
