Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
रविशंकर पांडेय,बांसडीह,बलिया
बांसडीह,बलिया. जिस देशी शराब की नई दुकान को घोघा चट्टी में खोले जाने को लेकर पिछले एक महीने से विवाद और विरोध-प्रदर्शन हो रहे थे उसे बुधवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खोल दिया गया। प्रशासन ने पहले ही संकेत दे दिया था कि शासन द्वारा आवंटित दुकान का संचालन हर हाल में कराया जाएगा। बुधवार को राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरे में दुकान का संचालन शुरू कराया।
सुबह से ही घोघा चट्टी क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चहल-पहल बढ़ गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। प्रशासन को आशंका थी कि पूर्व की तरह ग्रामीण विरोध कर सकते हैं, लेकिन अधिकारियों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था के कारण कोई बड़ा व्यवधान नहीं हुआ।
दुकान खुलवाने के लिए स्वयं उपजिलाधिकारी पुष्कर मिश्रा मौके पर पहुंचे। उनके साथ क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र, प्रभारी निरीक्षक अजय पाल, मनियर थानाध्यक्ष अजय तिवारी, संदीप कुमार, आबकारी निरीक्षक बिमलेश यादव, विनय कुमार राय, मनोज कुमार सहित महिला पुलिस, राजस्व एवं आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पहले मंगलपुरा और डुहिया में ग्रामीणों के विरोध के चलते दुकान का संचालन नहीं हो सका था। इसके बाद आबकारी विभाग ने दुकान को घोघा चट्टी स्थानांतरित कर दिया था। यहां भी बीते शनिवार को सैकड़ों महिलाओं ने पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था।
महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दुकान को अस्थायी रूप से बंद करा दिया था। बाद में मंगलवार को देवरार पंचायत भवन में आयोजित बैठक में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच लंबी वार्ता हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी थी।
बैठक में ग्रामीणों ने साफ कहा था कि वे किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं चलने देंगे, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया था कि दुकान शासन द्वारा विधिवत आवंटित है और उसका संचालन कराया जाएगा। बुधवार को प्रशासन ने उसी निर्णय को धरातल पर उतारते हुए सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुकान खुलवा दी।

उपजिलाधिकारी पुष्कर मिश्रा ने कहा, “देशी शराब की दुकान शासन एवं आबकारी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवंटित की गई है। प्रशासन का दायित्व है कि शासन के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करे। क्षेत्र के लोगों की आपत्तियों को गंभीरता से सुना गया है और उनकी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई गई है, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी आवश्यक है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दुकान का संचालन नियमानुसार कराया गया है।”
वहीं क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र ने कहा, “पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। यदि किसी को कोई आपत्ति है तो वह प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख सकता है। पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में दुकान का संचालन शुरू कराया गया है। स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।”
बुधवार को दुकान खुलने के साथ ही लंबे समय से चल रहा प्रशासन और ग्रामीणों के बीच का विवाद एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। हालांकि विरोध करने वाले ग्रामीण अभी भी अपने रुख पर कायम हैं, लेकिन प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि शासन के आदेशों के अनुपालन में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पूरे घटनाक्रम पर क्षेत्रवासियों और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.

