Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
संतोष शर्मा, सिकंदरपुर,बलिया
सिकन्दरपुर, बलिया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी को अंतिम विदाई देने के लिए उनके पैतृक गांव गोसाईंपुर में हजारों लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। गांव की गलियों से लेकर मुख्य मार्ग तक हर तरफ लोगों की भीड़ दिखाई दी। किसी की आंखों में आंसू थे तो किसी के चेहरे पर अपने प्रिय नेता को खोने का दर्द।
रामगोविंद चौधरी ने 25 सितंबर, शुक्रवार की शाम करीब चार बजे लखनऊ स्थित पीजीआई में अंतिम सांस ली थी। शनिवार की देर रात उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा। रविवार की सुबह होते-होते अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ बढ़ती गई और देखते ही देखते जनसैलाब में बदल गई।
अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़ के कारण गोसाईंपुर जाने वाले मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई स्थानों पर भारी जाम की स्थिति बन गई। वाहनों के पहिए थमने के बावजूद लोगों का उत्साह नहीं थमा। बड़ी संख्या में लोग गाड़ियां छोड़कर पैदल ही अपने नेता के दरवाजे तक पहुंचे।

राजनीति से ऊपर उठकर पहुंचे नेता
रामगोविंद चौधरी के अंतिम दर्शन के लिए पक्ष-विपक्ष के नेताओं का पहुंचना भी चर्चा का विषय बना रहा। राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़ विभिन्न दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम विदाई के दौरान दलगत सीमाओं से परे एक आत्मीय माहौल नजर आया।
अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए निकला तो माहौल गमगीन हो गया। हजारों लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। गांव के समीप सरयू नदी के तट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी के इकलौते पुत्र रंजीत चौधरी ने मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के साथ ही वहां मौजूद लोगों की आंखें फिर नम हो गईं।
रामगोविंद चौधरी का निधन उनके परिवार के साथ उन हजारों लोगों के लिए भी गहरा आघात रहा, जिनसे उनका वर्षों का राजनीतिक और सामाजिक जुड़ाव रहा। अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब उनके प्रति लोगों की आत्मीयता और जुड़ाव की तस्वीर पेश कर रहा था।
स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया. अंतिम संस्कार के दौरान उनके पैतृक निवास पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी गई। राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी के दौरान माहौल और भी गमगीन हो गया। मौजूद लोगों ने नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी।
रामगोविंद चौधरी के दरवाजे पर सुबह से श्रद्धांजलि देने वालों का तांता
रविवार की सुबह से ही स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी के दरवाजे पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी, सांसदरामभुआल निषाद ,जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह, फेफना विधायक संग्राम यादव, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद गिरि, समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर बागी, सकलडीहा विधायक एवं स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी के समधी प्रभु नारायण सिंह यादव, विधायक सिकंदरपुर मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, पूर्व भाजपा विधायक संजय यादव, सपा जिलाध्यक्ष देवरिया व्यास जी यादव, स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा, सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुनीता सिंह सोनी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भुवनेश्वर चौधरी, भाजपा नेता संजीव वर्मा, सपा जिला प्रवक्ता सुशील पांडेय ‘कान्ह जी’, मिर्जापुर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर यादव, एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, तेज सिंह, ममता सिंह, विकेश सिंह, सोनू सिंह, सदर के सपा नेता रामजी यादव, नवानगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विवेक सिंह, नगर पंचायत सिकंदरपुर के प्रतिनिधि संजय जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने नेता का अंतिम दर्शन करने पहुंचीं समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर बागी पार्थिव शरीर के सामने पहुंचते ही भावुक हो गईं। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वह फफक-फफक कर रो पड़ीं। वहां मौजूद महिलाओं ने उन्हें संभाला और सहारा दिया। वहीं, सकलडीहा विधायक एवं स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी के समधी प्रभु नारायण सिंह यादव भी अंतिम दर्शन के दौरान अपने आंसू नहीं रोक सके।
अंतिम दर्शन के दौरान छलके आंसू दिखा रहे थे कि स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में लोगों के बीच केवल राजनीतिक संबंध ही नहीं, बल्कि आत्मीय रिश्ते भी बनाए थे।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.
