ललई छठः हजारों दंपतियों ने लगाई लोलार्क और क्रीं कुंड में आस्था की डुबकी

वाराणसी। वाराणसी में लोलार्क छठ (ललई छठ) पर हजारों दंपतियों ने संतान प्राप्ति की कामना के साथ बुधवार को भदैनी के लोलार्क कुंड एवं रवीन्द्रपुरी स्थित क्रीं कुंड में आस्था की डुबकी लगा कर लोलाकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की.

पौराणिक मान्यता है कि भाद्रपद शुक्ल षष्ठी तिथि को लोलार्क एवं क्रीं कुंड में स्नान कर पूजा-अर्चना करने से भगवान सूर्य की विशेष कृपा होती है. नि:संतान दंपती को पुत्र रत्न की प्रप्ति होने के साथ तमाम रोगों से मुक्ति मिलती है. यही वजह है कि देश के कोने-कोने से लोग स्नान करने के लिए पति-पत्नी यहां आते हैं.

श्रद्धालुओं ने मान्यता अनुसार स्नान करने के बाद अपने गिले कपड़े कुंड में ही छोड़ दिए एवं फलों का दान और पूजन किया. उन्होंने कुंड से निकलने के बाद इसकी ओर नहीं देखने की मान्यता का भी श्रद्धापूर्वक पालन किया.

बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुष मंगलवार को ही यहां आ गए थे तथा सैकड़ों दंपती देर रात से ही कतारों में खड़े होकर कुंड में स्नान के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे. तड़के से स्नान करने का सिलसिला शुरू हुआ. अधिकारियों का अनुमान है कि शाम तक हजारों लोगों ने स्नान एवं पूजन किया.

भदैनी के लोलार्क कुंड एवं रवीन्द्रपुरी स्थित क्रीं कुंड में हजारों दंपतियों ने आस्था की डुबकी लगाई

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुंड की ओर श्रद्धालुओं के आने-आने के तमाम रास्तों पर यातायात के समुचित इंतजाम किए गए हैं. जगह-जगह बैरिकेडिंग की व्यवस्था के साथ ही सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है. कुंडों में पीएसी एवं एनडीआरएफ के जवानों को तैनात किया गया है. बड़ी संख्या में महिला पुलिस की तैनाती की गई है.

This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE         

उन्होंने बताया कि स्नान के दौरान अत्याधिक भीड़ और बेहद गर्मी के कारण कई महिलाएं बेहोश हो कर गिर गईं, जिन्हें तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.

This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE