
हल्दी (बलिया). राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हल्दी थाने से महज 20 मीटर की दूरी पर सोमवार सुबह करीब 8 बजे गिट्टी लदे दो ट्रकों की भीषण टक्कर हो गई. हादसे में एक ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, बलिया से बैरिया की ओर जा रहा गिट्टी लदा एक ट्रक हल्दी थाना क्षेत्र के नंदपुर गेट के सामने अचानक रुक गया. इसी दौरान पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया. हादसे में पीछे वाले ट्रक का चालक शिवानंद बिंद (23) पुत्र महेंद्र बिंद, निवासी सवरी, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. लोगों का आरोप है कि घटनास्थल से हल्दी थाना महज 20 मीटर दूर होने के बावजूद पुलिस करीब आधे घंटे बाद पहुंची. इसे लेकर लोगों में नाराजगी रही. उनका कहना था कि जब थाने के पास हुई दुर्घटना में भी पुलिस समय पर नहीं पहुंची, तो दूरदराज के इलाकों में हालात का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है.
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा. बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया.
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने बताया कि घायल चालक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया गया है. ट्रेलर के मालिक को सूचना दे दी गई है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
आतिश उपाध्याय, हल्दी
