

Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
आशीष दूबे, बलिया
बलिया. शादी का लम्हा हर लड़की के लिए बेहद खास होता है चाहे वह अमीर हो या गरीब, हर किसी की चाहत इस खास मौके को यादगार बनाने की होती है। बलिया में निर्धन परिवारों की 252 बेटियों की शादी हुई, मंत्रियों का आशीर्वाद मिला, खूब सारे तोहफे मिले और नाश्ते-खाने का भी भव्य इंतजाम रहा.
गुरुवार को राजकीय पॉलिटेक्निक ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 252 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा गणेश जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। प्रभारी मंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और अपने हाथों से 24 प्रकार की उपहार सामग्री वितरित की।
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में सामूहिक विवाह कार्यक्रमों ने गरीब परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। उन्होंने कहा कि पहले बेटियों की शादी के लिए परिवारों को जमीन बेचनी पड़ती थी या गहने गिरवी रखने पड़ते थे, लेकिन अब सरकार की पहल से किसी गरीब की बेटी का विवाह आर्थिक अभाव में नहीं रुकता।
मंत्री ने बताया कि विवाह अनुदान की राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है, जो जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ जोड़ों का चयन किया जाता है और विदाई में गुणवत्तापूर्ण सामग्री भी प्रदान की जाती है। पहले ऐसे आयोजनों पर सवाल उठते थे, लेकिन अब ये विवाह सात जन्मों का सच्चा बंधन साबित हो रहे हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन की टीम को बधाई देते हुए कहा कि अब जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। यह सिर्फ दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन है, जिससे समाज को मजबूती मिलती है। मंत्री ने कहा कि सरकार केवल विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि जन्म से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक व्यापक योजनाएं चला रही है। जननी सुरक्षा योजना के तहत माताओं और नवजात शिशुओं की देखभाल, बच्चों के अन्नप्राशन, पढ़ाई और पोषण की व्यवस्था की जा रही है। छोटे बच्चों के स्कूल जाने पर अभिभावकों को 1200 रुपये की सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि गरीबों को मुफ्त राशन, आवास योजना के तहत घर, आयुष्मान कार्ड के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा, किसानों को किसान सम्मान निधि और कामगारों को टूलकिट जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
परिवहन मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन को समर्पण का उदाहरण बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने पूरे देश और प्रदेश को अपना परिवार माना है। मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए उन्होंने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र की सेवा को प्राथमिकता दी है। सामूहिक विवाह की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे सादगी और पारदर्शिता के साथ विवाह होने से अनावश्यक खर्च बचता है और समाज को सकारात्मक संदेश जाता है। यह आयोजन अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिससे गरीब माता-पिता को बेटियों की शादी की चिंता नहीं रहती।
मंत्री ने कहा कि कन्यादान योजना के तहत बेटियों के जन्म पर आर्थिक सहायता जमा की जाती है, जिससे भविष्य में उन्हें लाभ मिलता है। उन्होंने जिलाधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि जिले में 500 से अधिक जोड़ों का सफलतापूर्वक सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया है और आगे भी वंचित परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को जीवन की नई शुरुआत पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां घर की लक्ष्मी होती हैं, उन्हें सम्मान और स्नेह देने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है।
जिलाधिकारी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि पहले इस योजना के तहत ₹51,000 की सहायता दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब रुपए एक लाख कर दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि इस राशि में से ₹60 हजार सीधे वधू के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाएंगे, जबकि रुपए 25 हजार की उपहार सामग्री नवदंपतियों को प्रदान की जा रही है। शेष राशि आयोजन की व्यवस्थाओं पर व्यय की जाती है।

24 प्रकार की उपहार सामग्री वितरित
कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को 24 प्रकार की उपयोगी घरेलू सामग्री प्रदान की गई, जिनमें प्रमुख रूप से— पांच साड़ियां (एक ब्राइडल, दो कढ़ाईदार, दो प्रिंटेड) चुनरी, पेटीकोट व शर्ट का कपड़ा चांदी की पायल (30 ग्राम) एवं बिछिया (10 ग्राम) स्टील डिनर सेट (लगभग 8 किलो) 5 लीटर प्रेशर कुकर व कढ़ाई ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डबल बेड की चादर, दो कंबल, दो गद्दे, दो तकिए, सिन्दूर डिब्बी, लाल चूड़ियां व कंगन, इसके अतिरिक्त दोनों पक्षों के लिए 5-5 किलोग्राम लड्डू के पैकेट और ड्राई फ्रूट (बादाम, किशमिश, अखरोट, नारियल आदि) के पैकेट भी वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि विवाह पंजीकरण के लिए कार्यक्रम स्थल पर ही रजिस्ट्रेशन काउंटर की व्यवस्था की गई थी, ताकि सभी नवदंपति विधिवत पंजीकरण करा सकें। साथ ही, गरीब परिवारों की बेटियों के लिए विशेष रूप से ब्यूटी पार्लर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि जनवरी में भी एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया था तथा फरवरी में दूसरा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। यदि आवेदन प्राप्त होते हैं तो मार्च में भी एक और कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 17 विकास खण्डों के लाभार्थियों शामिल रहे।
इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सीडीओ ओजस्वी राज, नीरज शेखर, सुनीता श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, कोषाधिकारी आनंद दुबे एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.

