Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
उमेश गुप्ता/आतिश उपाध्याय, बलिया
बलिया. जनपद में कई जगह बंदरों के आतंक से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बंदरों और लंगूरों के बढ़ते आतंक ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी हैं। बेल्थरारोड क्षेत्र में बंदरों के डर से लोग घरों की छतों पर कपड़े सुखाने से भी कतराने लगे हैं। नगर के कई इलाकों में बंदरों के झुंड दिनभर घूमते रहते हैं और मौका मिलते ही घरों में घुसकर सामान अस्त-व्यस्त कर देते हैं। भगाने की कोशिश करने पर लोगों पर हमला कर देते हैं।
बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन का इलाका बंदरों के प्रमुख ठिकानों में शामिल हो गया है। प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर के आसपास बड़ी संख्या में बंदर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर में बंदर के घुसते ही स्थिति और भी खराब हो जाती है। बंदर कुछ ही देर में रसोई से लेकर कमरों तक सामान बिखेर देते हैं और घरेलू वस्तुओं को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्हें बाहर निकालने की कोशिश करना भी जोखिम भरा साबित होता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति कम चिंताजनक नहीं है। गांवों में काले लंगूरों का आतंक बढ़ गया है। क्षेत्र के लगभग सभी गांवों में लंगूरों के झुंड दिखाई दे रहे हैं। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और बाइक सवारों पर अचानक हमला करने की घटनाओं से लोगों में दहशत है। कई लोग लंगूरों से बचने के प्रयास में बाइक से गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
हल्दी क्षेत्र में भी कटखने बंदर का खौफ
हल्दी, बलिया. हल्दी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नंदपुर,हंसनगर में एक बंदर का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोग घरों से निकलने में डर रहे हैं जबकि गांव में रहने वाले लोगों को खेती,मजदूरी करने,बच्चों को बाहर निकालने में घबरा रहे हैं।
यह बंदर अब तक डब्लू पाण्डेय,कामता राम,सीमरेखा देवी,पिंटू शर्मा,विमल साहनी,चंदन साहनी आदि दर्जनों लोगों को काट चुका है।इस सम्बन्ध में पीड़ित ग्रामीणों के परिजन थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार राय से मिले लेकिन कोई भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
ग्राम प्रधान नंदपुर ओमप्रकाश पाण्डेय ने बन विभाग के उच्चाधिकारियों से मोबाइल से संपर्क कर बंदर को पकड़ वाने का आग्रह किया लेकिन बन विभाग के उच्चाधिकारियों ने भी कहा कि हमारे पास बंदर पकड़ने वाले कर्मचारी नहीं हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बलिया का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बंदर को पकड़ वाने की मांग किया है।
ग्रामीणों और नगरवासियों का कहना है कि बंदरों और लंगूरों की बढ़ती संख्या के बावजूद समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अभियान चलाकर बंदरों व लंगूरों को पकड़वाने तथा उनके आतंक से लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.


