कटान के खौफ से गांव में मची अफरा-तफरी, घरों का सामान समेटकर सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन; चित्तविसाव खुर्द में विस्थापितों के लिए बनाया गया राहत कैंप
Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
रविशंकर पांडेय,बांसडीह,बलिया
बांसडीह,बलिया. सरयू नदी के कटान ने महाराजपुर-नाहर छपरा में तबाही का ऐसा मंजर खड़ा कर दिया है कि ग्रामीणों को अपने ही हाथों से अपने आशियाने उजाड़ने पड़ रहे हैं। नदी का कटान लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है। हर गुजरते दिन के साथ हालात और भयावह होते जा रहे हैं।
गांव में अब जिंदगी बचाने की जद्दोजहद के बीच घर-बार छोड़ने का दर्द साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार को दूसरे दिन भी ग्रामीण अपने मकानों को तोड़ते रहे और ईंट, दरवाजे, खिड़की सहित गृहस्थी का सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाते नजर आए।
जिस घर को बनाने और संवारने में लोगों ने पूरी जिंदगी खपा दी, आज उसी को अपने हाथों से तोड़ने की मजबूरी है। किसी के सामने बच्चों और परिवार को सुरक्षित रखने की चिंता है तो किसी को अपनी जीवनभर की कमाई मलबे में तब्दील होने का डर सता रहा है। गांव में हर तरफ अफरा-तफरी और अनिश्चितता का माहौल है। सरयू की लहरें जहां जमीन को निगल रही हैं, वहीं ग्रामीणों की आंखों के सामने उनके सपनों का आशियाना बिखर रहा है।

उधर, बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने बताया कि महाराजपुर-नाहर छपरा की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कटान के चलते विस्थापित हो रहे परिवारों को ठहराने के लिए चित्तविसाव खुर्द में राहत कैंप की व्यवस्था की गई है। बाढ़ विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उनके लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर है।
फिलहाल महाराजपुर-नाहर छपरा में सरयू का कटान ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ा संकट बन गया है। नदी की हर तेज होती लहर के साथ लोगों की चिंता बढ़ रही है। ग्रामीणों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक उन्हें अपने घर और गांव को इस तरह उजड़ते हुए देखना पड़ेगा।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.
