Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
उमेश गुप्ता, बेल्थरारोड,बलिया
बेल्थरारोड,बलिया. बेल्थरारोड में मंगलवार को परंपरा, आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। धूमधाम से निकले महावीरी झंडा जुलूस में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी।
श्री महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समिति श्रीमानस मंदिर रेलवे चौक तथा श्री महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समिति यूनाइटेड क्लब की ओर से वैदिक विधि-विधान से पवनसुत हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई, इसके बाद रेलवे चौक से महावीरी झंडा जुलूस की शुरुआत हुई। कुछ ही देर बाद यूनाइटेड क्लब का जुलूस भी इसमें शामिल हो गया।
जुलूस में आगे समितियों के बैनर और विशाल झंडे आकर्षण का केंद्र रहे। घोड़े और ऊंट के साथ धोबऊ नाच, गोडऊ नाच तथा विभिन्न प्रकार के लाग लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। डीजे की धुन पर युवाओं की टोली थिरकती नजर आई। जुलूस के अंतिम हिस्से में हनुमान जी की भव्य प्रतिमा रही, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
जुलूस में कलाकारों ने कई रोमांचक और जोखिम भरे करतबों का प्रदर्शन कर लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वहीं युवाओं के आपसी प्रेम प्रसंग, टावर पर चढ़ने के करतब, बाबा नीम करौली, प्यार में धोखा, खाटू श्याम और काली माता समेत विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक प्रसंगों की झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।

जुलूस के दौरान सामाजिक सौहार्द की भी मिसाल देखने को मिली। सपा नेता राजेश पासवान की ओर से वेज बिरयानी, भाजपा नेता छट्ठू राम की ओर से पूड़ी-सब्जी व बूंदी तथा बर्फानी बाबा कमेटी की ओर से खिचड़ी का वितरण किया गया। साहू समाज ने जलपान की व्यवस्था की। जमा मस्जिद के सामने मुस्लिम समाज के लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए शरबत का इंतजाम कर हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का संदेश दिया। शर्मा परिवार की ओर से बिस्कुट और पेयजल वितरित किया गया। नगर के अन्य स्थानों पर भी लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए पानी और जलपान की व्यवस्था की।
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस ने अभियान चलाकर युवाओं के हाथों में पहने लोहे के कड़े निकलवाकर उन्हें एकत्र किया। नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार से रामलीला मैदान तक जगह-जगह बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की गई थी। महत्वपूर्ण गलियों के प्रवेश मार्गों को भी बंद कर पुलिस बल तैनात किया गया। गली-मोहल्लों के मोड़ तक पुलिसकर्मियों की तैनाती रही।
जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था को एक जोन और चार सेक्टरों में बांटा गया था। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला, एएसपी यातायात आजमगढ़ पंकज कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम शरद चौधरी, तहसीलदार राजू कुमार, सीओ रसड़ा रजनीश कुमार, सीओ सिकंदरपुर राकेश कुमार सिंह, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्रा, सीओ पुलिस लाइन मऊ सोमप्रकाश वर्मा, सीओ मधुबन (मऊ) दिनेश दत्त मिश्र तथा सीओ लाइन/यातायात बलिया मंजरी राव समेत अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था में 25 थाना प्रभारी, 54 उपनिरीक्षक, 285 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 45 महिला आरक्षी, 10 यातायात पुलिसकर्मी तथा एक प्लाटून पीएसी के जवान लगाए गए थे। फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात रही। पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी कराई गई। उभांव थाने के प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक और पुलिस चौकी प्रभारी सीयर नीरज यादव पुलिस बल के साथ जुलूस की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रहे। शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.
