बलिया. बलिया कोतवाली क्षेत्र के आनंद नगर निवासी प्रेमदुलारी देवी का परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया था लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से पहुंचाई गई मदद के बाद परिवार को राहत मिली है। प्रेमदुलारी देवी का इकलौता बेटा अजीत कुमार गुप्ता जब जिंदा था तो तमाम मुसीबतों और गरीबी के बावजूद उम्मीदें बाकी थीं कि एक दिन जरूर सबकुछ ठीक हो जाएगा लेकिन बेटे की हत्या से प्रेमदुराली टूट गई थीं।
उनके इकलौते बेटे अजीत कुमार गुप्ता की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। अजीत विकलांग होते हुए भी अंडे का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। उसके परिवार में बूढ़ी मां के अलावा तीन बहने हैं जिनकी शादी होनी है। अजीत की एक बच्ची भी है, उसकी पत्नी की मौत बच्ची के जन्म के समय हो गई थी।
अजीत के मौत के बाद परिवार भुखमरी की स्थिति मे आ गया है। प्रेमदुलारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू से मिलकर पूरी व्यथा बताई। उसने अपनी पूरी पीड़ा लिखकर जिलाध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में इसको गंभीरता से लेते हुए तत्काल पीड़ित परिजनों के नाम 2,00,000 ( दो लाख) का चेक जिला अध्यक्ष के माध्यम से भिजवाया। जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू ने इस चेक को प्रेमदुलारी को शुक्रवार के दिन सौंप दिया।
पीड़ित परिवार को इस मदद से बड़ी राहत मिली है। जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू ने कहा कि जितना हो सकेगा इस परिवार की मदद की जाएगी।
(बलिया से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट)

