- सिकंदरपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का जागरूकता शिविर संपन्न
बलिया : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया द्वारा बजरंगबली पीजी कॉलेज दादर आश्रम सिकन्दरपुर में शनिवार को संविधान की प्रस्तावना, नागरिकों के मूल कर्तव्यों और बच्चों के शिक्षा के अधिकारों के प्रति जागरूकता शिविर लगाया गया.
शिविर में प्राधिकरण की सचिव रिचा वर्मा ने घरेलू हिंसा और दहेज जैसी कुप्रथा समाप्त करने के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं को जागरूक किया. उन्होंने कहा कि आप लोगों पर मां सरस्वती की कृपा है जिससे आप अच्छे अंक ला रहे हैं.
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी कहते थे कि आदमी की ताकत उसकी शारीरिक क्षमता में नही बल्कि उसकी दृढ़ इच्छाशक्ति में है. भारत का भविष्य आपके कंधों पर है.

वर्मा ने कहा कि ऐसा देखा जाता है कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाएं और बच्चियां अपने पिता और परिवार के सदस्य से कुछ नहीं कह पाती. कुछ इसे परम्परा समाज की परम्परा का बोझ मान लेती है.
उन्होंने कहा कि दहेज लेना और देना दोनों अपराध है. इस कुप्रथा को समाप्त करना होगा. इसके लिए क़ानून बना हुआ है. माता-पिता की ओर इशारा करते हुए कहा कि अपनी बच्चियों को दहेज की दलदल में मत ढकेलिये.
शिविर में प्राचार्य डॉ उदय पासवान, विनोद कुमार मिश्रा, अरविंद कुमार मिश्रा, तहसीलदार दूधनाथ राम आदि भी मौजूद थे.

