कोरोना महामारी में बढ़ा चोरों का आतंक, कई घरों को बीती रात खंगाल दिए

बाँसडीह (बलिया) से रविशंकर पांडेय

चोरी की घटनाओं में अब इजाफा होने लगा है. बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में बीती रात चार जगह चोरों ने घरों को खंगाल दिया. इस इलाके में वर्षों बाद चोरी घटना होने से क्षेत्र में दहशत व्याप्त हैं. सूचना मिलते ही पहुँची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी.

शनिवार को पतिसा मौजा बँकवा में चोर आम पेड़ के सहारे छत पर लगे दरवाजे की कुंडी तोड़कर नन्दलाल गोंड़ पुत्र स्व जगमोहन गोंड़ के आंगन में उतरे. इतनी सफाई से चोरी किया कि किसी को भनक तक नहीं लगी. घर के बाहर पुरुष सोए थे. एक घर में जो लोग परिवार के सोए थे, उनके कमरे को बाहर से बन्द कर दिया. उसके बाद चोरों ने नन्द जी के घर से लगभग दो लाख नगद, गहना, कपड़ा और सारा सामान लेकर चले गए. नंद जी के बेटे का तिलक 17 अप्रैल को और 26 अप्रैल की शादी थी. नंद लाल गोंड़ का बेटा अविनाश आजमगढ़ के पवई थाने में इस समय यूपी पुलिस में कार्यरत हैं.

वहीं थोड़ी दूरी पर शिवजी वर्मा के घर में पीछे से घुसकर चोरों ने नगद लगभग 5,000 रुपये निकाल लिया. लोगों के जगने की भनक लगने पर चोर भाग गए. फिर कुछ दूरी पर ही रामनिवास सिंह के घर में कुछ नहीं मिला तो डिब्बे में रखी दाल ही उठा ले गए. इसके बाद चोरों ने दराव ग्राम के प्रधान कमलाकर यादव के यहां चोर छत के ही रास्ते घुस कर बाहर से सभी घरों के दरवाजे बंद कर दिए. एक घर खुला रख उसमे से 4000 नगद एक आलमारी में रखे निकाल लिया. हालांकि कुछ आवाज सुन घर की महिलाएं बाहर सोए परिवारीजनों के फोन पर सूचना दी, तभी हो हल्ला सुन लोग जग गए. तब तक चोर पेड़ के सहारे निकल चुके थे. सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुँचकर मौका मुआयना किए और जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने की बात कही.