संस्कृति हत्याकांड: अब तीन संदिग्धों का होगा नार्को टेस्ट-ब्रेन मैपिंग

लखनऊ।  बलिया जिले की पॉलीटेक्निक छात्रा संस्कृति राय हत्याकांड मामले में जांच में जुटी पुलिस टीमें अब तक लगभग 13 दिनों में करीब 300 से अधिक संदिग्धों में टेंपो चालकों, हिस्ट्रीशीटरों, पुराने बदमाशों के अतिरिक्त उसके कॉलेज के छात्र-छात्रओं से पूछताछ कर चुकी हैं. पुलिस ने 20 हजार से अधिक मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लिए. जानकार सूत्रों का दावा है कि पुलिस मामले का खुलासा करने के करीब है. घटनास्थल के आसपास मिले सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को सुराग मिले हैं, लेकिन ये सुराग कातिल को पकड़ने के लिए पर्याप्त नहीं हैं. इस हत्याकांड में एसटीएफ, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस के साथ एलआईयू भी सक्रिय है. एसटीएफ लखनऊ से लेकर बलिया तक खाक छान रही है.

अब लखनऊ पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन संदिग्धों का पुलिस नार्को टेस्ट और ब्रेन मैपिंग कराने जा रही है. एसएसपी दीपक कुमार के मुताबिक तीनों संदिग्धों का नार्को टेस्ट और ब्रेन मैपिंग कराने के लिए न्यायालय में आवेदन कर दिया गया है. तीनों ने अपनी सहमति भी दे दी है, गुरुवार को सीजेएम से स्वीकृति मिल जाएगी, इसके बाद तीनों संदिग्धों का नाकरे टेस्ट और ब्रेन मैपिंग कराया जाएगा.

संस्कृति राय हत्याकांड – पुलिस के हाथ सिफर, अधिवक्ताओं में आक्रोश

इन तीन संदिग्धों का कराया जायेगा नार्को टेस्ट

मीडिया में एसएसपी के हवाले से चल रही खबरों के मुताबिक, संस्कृति के पॉलीटेक्निक में साथी छात्र इंदिरानगर निवासी आदर्श पटेल, बलिया में सीनियर छात्र रहे आदित्य चौहान व पॉलीटेक्निक के तृतीय वर्ष के छात्र हेमंत सिंह का नार्को टेस्ट कराया जाएगा. हेमंत ने घटना से पहले संस्कृति को करीब 70 एमएमएस किए थे, इसलिए पुलिस को उस पर शक है. आदर्श ने घटना से पहले संस्कृति से फोन पर बात की थी और वह अक्सर उससे बातचीत के साथ चैटिंग भी करता रहता था. आदित्य चौहान की भी संस्कृति से बातचीत होती थी. एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद आदित्य का मोबाइल फोन दो दिन तक बंद रहा. घटना की रात उसके मोबाइल फोन की लोकेशन आदिलनगर में मिली थी. इसलिए तीनों का संदेह के आधार पर पुलिस नार्को टेस्ट कराकर सच्चाई का पता लगाने जा रही है. एसएसपी ने दावा किया कि नार्को टेस्ट के बाद बहुत जल्द वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा.