थाना घेराव के लिए रसड़ा के भाजपाइयों ने कसी कमर

राम लीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को मण्डल अध्यक्ष रविन्द्र नाथ तिवारी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में प्रस्तावित 15 जुलाई को कोतवाली के घेराव की रणनीति तैयार की गई. अध्यक्षता कर रहे रविन्द्र नाथ तिवारी ने कार्यकताओ को आह्वान किया की 15 जुलाई को सभी कार्यकर्ता साढ़े ग्यारह बजे श्रीनाथ मठ पर इकट्ठा होंगे. वहीं से सभी कार्यकर्ता थाने के घेराव के लिए चलेंगे.

राज गहरायाः राघोपुर में पेड़ पर लटका मिला शव

कोतवाली क्षेत्र के राघोपुर के सीवान में मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता शव पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई. पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गयी. मृतक की शिनाख्त गड़वार थाना के रतसड़ कला निवासी कमला (38) पुत्र स्व. सुदर्शन राजभर के रूप में की गयी.

राज नारायण ने उमाशंकर पर जताया भरोसा

बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओ की बैठक मंगलवार को दोपहर दो बजे खड़सरा में हुई. बैठक को सम्बोधित करते हुए बसपा के प्रभारी/प्रत्याशी राज नारायण यादव ने उमाशंकर सिंह को वराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़ और गोरखपुर मण्डल का क्षत्रिय समाज का कोआर्डिनेटर बनाए जाने पर बसपा सुप्रीमो के प्रति आभार जताया और कोटि कोटि बधाई दी.

कठौड़ा रेगुलेटर से पानी का रिसाव कब रुकेगा एडीएम साहब

गंगा, घाघरा एवं अन्य नदियों का जल स्तर बढ़ने के कारण कई गांव बाढ़ के पानी से प्रभावित हो रहे हैं. इसे देखते हुए कलेक्ट्रेट स्थित संयुक्त कार्यालय में प्रतिदिन 24 घण्टे के लिए बाढ़ कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नम्बर – 05498-220857. इस कन्ट्रोल रूम में बाढ़ से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की सूचना दर्ज करवाई जा सकती है.

गैरकानूनी कब्जे की लिखित शिकायत करें – एडीएम

एडीएम बच्चा लाल ने जनपद के सम्मानित जन सामान्य से अपील किया है कि ग्राम सभा की सार्वजनिक भूमि पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई अवैधानिक अतिक्रमण, कब्जा किया गया है तो इसके सम्बन्ध में लिखित रूप से सम्बन्धित उप जिलाधिकारी अथवा तहसीलदार को अवगत कराएं. ताकि ग्राम सभा की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके.

डेयरी इकाई स्थापित करने पर पांच लाख का अनुदान

कामधेनु डेयरी योजना के अन्तर्गत एक लाभार्थी का चयन करने के लिए 20 जुलाई तक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में आवेदन पत्र जमा किया जायेगा. यह जानकारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने दी. बताया कि 100 गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने वाले पशुपालक को प्रोत्साहन स्वरूप 05 लाख का अनुदान दिया जायेगा. अधिक जानकारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय विकास भवन से ली जा सकती है.

एक हेडमास्टर सस्पेंड, दूसरे का वेतन काटने का निर्देश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने मंगलवार को एक प्रधानाध्यापक को सस्पेंड तथा अनुपस्थित मिले एक प्रधानाध्यापक का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया. बीएसए ने स्पष्ट किया कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा व शत-प्रतिशत उपस्थिति से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता. आकस्मिक अवकाश जिस शिक्षक को लेना हो, वे विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देश के तहत अवकाश ले.

रसड़ा स्टेशन पर अब एटीवीएम, साथ में स्मार्ट कार्ड भी  

रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेलवे बोर्ड के सलाहकार नरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन से टिकट निकाल कर शुभारम्भ किया. इस अवसर पर श्री श्रीवास्तव ने कहा की एटीवीएम स्मार्ट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. इसके लिए रेलवे कार्यालय से सम्पर्क कर यात्री स्मार्ट कार्ड बनवा सकते हैं. उससे कहीं भी किसी भी स्टेशन से टिकट प्राप्त कर सकते है.

शिक्षा के गुणवत्ता में सुधार लाने की जरूरत

शिक्षा क्षेत्र दुबहड़ के सह समन्वयक ओम प्रकाश राय ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुरा का निरीक्षण किया. उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी हासिल की और गुणवत्ता की जांच की. शिक्षकों से राय ने कहा कि पाठ्यक्रम के अनुसार बच्चों की तैयारी होनी चाहिए. प्रत्येक दिवस उन्हें होमवर्क भी दिया जाना चाहिए. होमवर्क नियमित जांच का भी निर्देश दिया.

कमांडर की चपेट आया बाइकर घायल

डूंहा बिहारा गांव निवासी अफरोज बाइक से सिकंदरपुर से गांव जा रहा था. वह जैसे ही कठघरा शिव मंदिर के समीप पहुंचा कि सामने से आ रहे कमांडर ने उसकी बाइक में जोर का धक्का मार दिया. नतीजतन वह सड़क पर गिर कर घायल हो गया. मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल इलाज के लिए उसे सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाया.

मजिस्ट्रेटी जांच

बन्दी अमरदेव सिंह (80) पुत्र रामसूरत निवासी धर्मपुरा थाना हल्दी की 07 जनवरी 2016 को कारागार में हुई मौत की मजिस्ट्रीयल/न्यायिक जांच उप जिला मजिस्ट्रेट रामानुज सिंह कर रहे हैं. इस संदर्भ में कोई भी व्यक्ति कोई जानकारी या बयान देना चाहता है तो मॉडल तहसील स्थित उप जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में 23 जुलाई 2016 को पूर्वान्ह 11 बजे उपस्थित होकर दे सकता है.

शिवपाल की सभा में आत्मदाह का प्रयास

सैदपुर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल की सभा के दौरान मंगलवार को एक युवक ने आत्मदाह की कोशिश की. हालांकि जब तक लोग मामला समझ पाते पुलिस ने युवक को एंबुलेंस में डालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया. इसके बाद उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रवाना दिया गया.

सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों के लिए मौका

चयनित लेखपालों के प्रशिक्षण के लिए सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे सर्वेक्षण एवं राजस्व से सम्बन्धित जानकारी रखते हों. ऐसे अधिकारी अपना आवेदन पत्र, बायोडाटा के साथ कलेक्ट्रेट स्थित भूलेख अधिकारी के कार्यालय में हफ्ते भर में जमा कर दे. मुख्य राजस्व अधिकारी बी राम ने बताया कि उनका मानदेय भुगतान परिषद द्वारा निर्धारित दर पर किया जाएगा.

बिन बिजली नगवा सून, बाकी जो है हइए है

बिजली मोटर फुंक जाने से दो दिन से नगवा की बत्ती गुल है. अब दस हजार की आबादी वाले इस गांव में पानी के लिए भी त्राहि त्राहि मची है. कब तक आपूर्ति बहाल होगी, इसका भरोसा देने वाला भी कोई नहीं है. विभागीय स्तर कार्रवाई शुरू हो चकी है, लेकिन कब तक मोटर बदलेगा, आपरेटर की माने तो इसके लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है. सफेद हाथी की तरह नगवा में में एक ओवरहेड टैंक भी है.

कोदई ब्रह्म बाबा स्थान पर मिली लाश 

बलिया बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर सावरू बांध नाले के पास कोदई ब्रह्म बाबा स्थान पर एक अज्ञात का व्यक्ति का शव बरामद हुआ है. ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना दिए जाने पर दुबहड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. ओखा रॉकी ग्राम प्रधान सुनील कुमार सिंह, बीडीसी सदस्य सतीश कुमार यादव तथा अन्य की उपस्थिति में पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया शहर भेज दिया गया.

बाइक की चपेट आया मासूम घायल

घर से स्कूल जा रहा भड़ीकरा गांव निवासी अभिषेक वर्मा (7) मिश्रचक चट्टी के समीप बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. परिवार वाले इलाज के लिए उसे लेकर बलिया रवाना हो गए. अभिषेक सुबह घर से अपने स्कूल के लिए चला, वह जैसे ही चट्टी के समीप पहुंचा कि सामने से आ रहे बाइक से उसे धक्का लग गया.

असेगा में पेट्रोल पम्प पर फायरिंग

BREAKING NEWS : सुखपुरा थाना क्षेत्र में असेगा स्थित एक पेट्रोल पम्प पर फायरिंग. बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद कर्मचारी अरविंद यादव ने पैसा मांगा तो हमलावर ने फायरिंग कर दी. गोली अरविंद के हाथ में लगी. हमलावर की बाइक पर उसके दो साथी और थे. पेट्रोल पम्प कर्मचारी गुड्डू यादव की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला की रिपोर्ट दर्ज.

बांसडीह में लव, सेक्स और धोखा

बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का यह मामला है. पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा के हवाले से पीटीआई ने खुलासा किया है कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर इसकी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. इस मामले में पांच आरोपियों में से दो नौशाद और वीरेंद्र भारती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को दी गई तहरीर में भाई ने आरोप लगाया है कि बांसडीह इलाके में बीते चार मार्च को आरोपी ने उसकी बहन के साथ दुष्कर्म किया.

छत से घर में घुसे चोर खंगाल ले गए हजारों के सामान

बालूपुर रोड स्थित एक नव निर्मित मकान की छत के सहारे घर में घुस सोमवार को देर रात चोरों ने कई हजार का माल पार कर दिया. बताया जाता है कि कस्बे से सटे बालुपुर रोड पर संतोष गुप्ता का नवनिर्मित मकान है. सोमवार की रात परिवार के लोग खाना खाकर छत पर सोने चले गए.

बहेरा नाले में मिली मासूम की लाश

मनियर थाना क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास सोमवार को बहेरा नाला में डूबने से रिश्तेदारी में आए पांच वर्षीय प्रिंस पुत्र मुन्ना रजक निवासी खोरीपाकर की मौत हो गई. वह अपने मामा की शादी में शामिल होने के लिए आया हुआ था. सुबह वह खेलते हुए अचानक लापता हो गया. परिजनों नें उसे खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. अगले दिन सुबह उसका शव नाला में उतराया मिला. इससे परिवार में कोहराम मच गया.