बलिया : रेवती क्षेत्र के अचलगढ़ गांव में शौचालय निर्माण के समय गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया. सीएचसी के चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया. कई थानों की फोर्स समते एसपी मौके पर पहुंच गये.
खबर है कि गांव अचलगढ़ के जुठी तिवारी टोला में प्रकाश तिवारी अपने घर के पास शौचालय बनवा रहे थे. उक्त स्थान को आम रास्ता बताते हुए पड़ोसी उमाशंकर राम और उनके बेटे विदनेश राम इसका विरोध करने लगे.
बहस के दौरान बात बढ़ गयी और मारपीट की नौबत आ गयी. इस दौरान दूसरे पक्ष वालों की तरफ से तमंचे से गोली चला दी. गोली प्रकाश के सीने में लगी. इस बीच आरोपी फरार हो गया.
खबर मिलते ही बलिया के एसपी देवेंद्र नाथ कई पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये. घायल को तुरंत सीएचसी भिजवाया गया. गंभीर स्थिति देख घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने वहां के लोगों से घटना की जानकारी ली. एसपी के मुताबिक जमीन के विवाद में घटना हुई है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

