वाराणसी समेत कई जिलों के लिए सिरदर्द बना एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ में मारा गया

वाराणसीः पुलिस ने आज दोपहर एक लाख रुपये के इनामी बदमाश दीपक वर्मा को मुठभेड़ में मार गिराया. दीपक वर्मा के ऊपर हत्या और रंगदारी मांगने समेत दर्जनों मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज थे. यह मुठभेड़ चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुई.

जानकारी के मुताबिक यूपी एसटीएफ की टीम ने दीपक वर्मा को दोपहर डेढ़ बजे के करीब मार गिराया. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की. दोपहर के वक्त चौबेपुर इलाके में तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान दीपक वर्मा का पुलिस टीम से सामना हो गया. दीपक वर्मा को मुठभेड़ में गोली लगी जिसके बाद पुलिस उसे दीनदयाल अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

वाराणसी समेत अन्य जिलों के लिए सिरदर्द बने दीपक वर्मा के मारे जाने पर ग्रामीण एसपी अमित वर्मा की ओर से पुलिस टीम को 1 लाख का इनाम देने की घोषणा की गई. यह मुठभेड़ चौबेपुर थाने के रिंग रोड पर बरश्यामपुर गांव के पास हुई.

मूल रूप से वाराणसी के रामापुरा बस्ती का रहने वाले दीपक ने प्रयागराज, वाराणसी में कई वारदातों को अंजाम दिया था। इसके ऊपर हत्या और लूट के दर्जनों मामले वाराणसी के अलग-अलग थानों में दर्ज थे.