
Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
रविशंकर पांडेय, बांसडीह,बलिया
बांसडीह,बलिया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह में रविवार देर रात एक प्रसूता की मौत के बाद सोमवार को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ जांच के लिए तहरीर दी। एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रणव कुणाल को दो दिन में जांच आख्या देने की बात कही। इधर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोड़धप्पा निवासी रूबी देवी (28), पत्नी राकेश पटेल, रविवार दोपहर करीब दो बजे प्रसव के लिए सीएचसी बांसडीह पहुंची थीं। रात करीब आठ बजे ड्यूटी पर तैनात एएनएम ने उनका प्रसव कराया, जिसमें उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद रूबी देवी को अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) होने लगा, जो रात भर जारी रहा। आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें समय पर रेफर नहीं किया और पूरी रात लापरवाही बरती गई। सोमवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई।
कुछ ही देर में एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ जयशंकर मिश्र, थानाध्यक्ष मनियर, थानाध्यक्ष बांसडीह रोड सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
इसी बीच मृतका का शव बलिया से वापस बांसडीह पीएचसी लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के नाम पर एएनएम द्वारा 11 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 5 हजार रुपये ले भी लिए गए। परिजन मुआवजे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मृतका के जेठ अजय पटेल की तहरीर पर एसडीएम ने दो दिन में जांच का आदेश चिकित्सा अधीक्षक को दिया है।
मृतका के परिवार में पहले से दो बेटियां—रागिनी (3 वर्ष) और रूही (15 माह) हैं, जबकि तीसरा नवजात बेटा है। परिजनों के अनुसार रूबी की शादी 24 मई 2022 को हुई थी।
एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी और सीओ जयशंकर मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच कराई जा रही है, दोषी पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.

