सरयू के जलस्तर में बढ़ोतरी से किसानों की फसल डूबी

सिकन्दरपुर, क्षेत्र में सरयू नदी के जलस्तर में अचानक होती जा रही बढ़ोतरी से दियारों के किसान सकते में आ गए हैं। पिछले कुछ दिनों में नदी के जल स्तर में करीब पांच फीट की बढ़त हुई है। जलस्तर में वृद्धि का कारण पिछले दिनों हुई तूफानी बारिश और पहाड़ों पर बर्फ का पिघलना बताया जाता है।
चार दिन पूर्व तक क्षेत्र में नदी का जल स्तर सामान्य था।साथ ही मवेशियाँ भी निर्बाध रूप नदी पार जा कर चरती थीं। लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के कुछ दिनों बाद से जो नदी का पानी बढ़ना शुरू हुआ,वह रविवार भी बदस्तूर रहा जिससे नदी के बीच में जगह-जगह उभरे बालू के टीले डूब गए।
अब तक कई बीघा क्षेत्रफल की सब्जी व तरबूज की फसल डूब कर नष्ट हो चुकी है। पीड़ित किसानों में मलपुरा गांव के किसान मुन्द्रिका, सीता देवी,दीपन आदि किसानों का कहना है कि यदि ऐसे ही रहा तो जल्द ही सब्जियां व तरबूज की फसल नष्ट हो जाएंगी।
(सिकंदरपुर से संतोश शर्मा की रिपोर्ट)