Ballia-बारिश में भींगने को मजबूर भोजपुरवा का कटान पीड़ित, चूल्हा जलना तक हुआ मुश्किल

Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE

रविशंकर पांडेय,बांसडीह,बलिया

बांसडीह,बलिया. सरयू नदी के कटान से उजड़े भोजपुरवा गांव में बारिश की बूंदें लोगों के जख्मों को और गहरा कर रही हैं। कटान की वजह से अपने हाथों से पुश्तैनी घर गिराने को मजबूर हुए परिवार अब खुले आसमान के नीचे संघर्ष कर रहे हैं।

कटान पीड़ितों ने जिन झोपड़ियों को किसी तरह प्लास्टिक और फूंस से खड़ा किया था, वे अब लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के साथ टपक रही हैं। रात भर महिलाएं बच्चों को गोद में उठाकर इधर-उधर बैठी रहती हैं ताकि वे भीगने से बच सकें। बुजुर्ग पूरी रात जागकर काट रहे हैं, जबकि मवेशी भी बारिश में भीगने को मजबूर हैं।

बारिश ने भोजन बनाना भी संकट बना दिया है। भींगे ईंधन के कारण कई परिवारों के चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं। दूसरी ओर मवेशियों के लिए चारा भी खत्म होने की कगार पर है। खेत नदी में समा चुके हैं और बचा हुआ चारा भी बारिश ने बर्बाद कर दिया है।

कटान से बेघर हुए परिवारों का दर्द इस बात से भी बढ़ गया है कि राहत के नाम पर कुछ लोगों को केवल प्लास्टिक शीट देकर जिम्मेदारी पूरी मान ली गई। बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार आज भी प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। उन्हें न पर्याप्त तिरपाल मिला है, न सुरक्षित ठिकाना और न ही रोजमर्रा की जरूरतों की समुचित व्यवस्था।

ग्रामीण मुन्ना यादव, शिवमुनि यादव, अखिलेश, जदू यादव, सूबा यादव, भोला, नगीना, अखिलेश यादव, सुरेंद्र, भूतेली सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दिन-रात बारिश के बीच झोपड़ियों में गुजारा करना बेहद कठिन हो गया है। छत टपकने से बिस्तर और राशन भीग रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से अब तक सभी प्रभावित परिवारों को समुचित राहत नहीं मिल सकी है।

गांव में चारों ओर बेबसी का मंजर है। नदी किनारे बैठे लोग एक ओर अपनी उजड़ी हुई जिंदगी देख रहे हैं तो दूसरी ओर तेजी से बढ़ती घाघरा की लहरों को। हर पल यही डर सता रहा है कि कहीं बारिश और कटान उनकी बची-खुची जमीन भी न निगल जाए।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए तथा भोजन, तिरपाल, पशुचारा, पेयजल और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द प्रभावी राहत नहीं मिली तो बारिश और कटान के बीच उनका जीवन और भी संकट में पड़ जाएगा।

Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.

Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive

 

अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.

https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v

आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.

ballia live whatsapp channel