Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
उमेश गुप्ता, बेल्थरारोड,बलिया
बेल्थरारोड,बलिया. बेल्थरारोड क्षेत्र के पशुहारी गांव में महज चार दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से लोगों में हैरानी और डर है वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। लगातार हुई मौतों के बाद ग्रामीण बीमारी के कारणों को लेकर चिंतित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार से लगातार गांव में सैंपलिंग और स्वास्थ्य जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पशुहारी गांव निवासी शिवचंद राजभर की पत्नी आशा देवी (45) पिछले कुछ दिनों से पैर में सूजन और खून की कमी की समस्या से पीड़ित थीं। उनका मऊ में उपचार चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अगले दिन शिवचंद राजभर की मां जोनिया देवी (82) की भी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए मऊ ले गए, जहां उनकी भी मौत हो गई।
इसके बाद बुधवार को शिवचंद राजभर की पुत्री प्रीति (20) की अचानक तबीयत खराब हुई। परिजनों के अनुसार करीब दो घंटे के भीतर ही उसकी भी मौत हो गई। चार दिनों के भीतर परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीण भी इन घटनाओं से हैरान हैं। एक ही परिवार में एक के बाद एक मौतों से वह दहशत में भी हैं.
मामले की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर के अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। बुधवार को डॉ. सत्येंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रमोद, आनंद कुमार, विष्णु प्रकाश दुबे, उमेश कुमार, सुमित कुमार, एलटी चंदन कुमार तथा वार्ड बॉय दिनेश कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान प्रभा शंकर राजभर की मौजूदगी में पीड़ित परिवार सहित ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की।

बुधवार के बाद गुरुवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगातार दूसरे दिन गांव में पहुंचकर सैंपलिंग का कार्य किया। डॉ. सत्येंद्र वर्मा के नेतृत्व में बलिया स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 35 लोगों के सैंपल लिए। पर्यवेक्षक और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पूरे गांव में भी सैंपलिंग की जा रही है, ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान शिवचंद राजभर (54), उनके पुत्र पनन राजभर (22) तथा सूजन की शिकायत वाले एक अन्य परिजन को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवा वितरण भी किया गया है। इसके अलावा गांव में दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों के पेयजल स्रोतों की भी जांच शुरू कर दी है।
गांव के नल के पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। पूरे ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की पहचान कर सैंपल लिए जा रहे हैं। एक ही परिवार में चार दिनों के भीतर तीन मौतों से जहां परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे पशुहारी गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार दो दिनों से गांव में डेरा डालकर जांच और सैंपलिंग में जुटी है। अब ग्रामीणों को सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे लगातार हुई मौतों के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.


