Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
रविशंकर पांडेय,बांसडीह,बलिया
बांसडीह,बलिया. पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मंगलवार को बांसडीह कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था को परखा. उन्होंने थाना भवन, परिसर, मेस, बैरक, मालखाना, शस्त्रागार और कार्यालय के अभिलेखों की जांच की। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अपराध नियंत्रण, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के साथ पुलिस बल लेकर कस्बे में फ्लैग मार्च किया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद, हिस्ट्रीशीटर, महिला उत्पीड़न, हत्या, बलवा, गुमशुदगी और पासपोर्ट से संबंधित अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने और लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए एसपी ने कहा कि पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुना जाए और उन पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। शस्त्रागार और मालखाने के निरीक्षण में सरकारी असलहों के रखरखाव, साफ-सफाई तथा मुकदमों से संबंधित सामान के सुरक्षित भंडारण की स्थिति भी परखी।
कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण में एसपी ने सीसीटीएनएस पर पंजीकरण, गिरफ्तारी, संपत्ति जब्ती, ऑनलाइन केस डायरी और जीडी की फीडिंग की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रविष्टियां समय से पूरी करने, थाने का डाटा नियमित रूप से सिंक करने तथा आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर जांच आख्या अपलोड करने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी प्रार्थना पत्र डिफॉल्टर न हो।

थाना परिसर और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने पर जोर देते हुए उन्होंने बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर या इनवर्टर से व्यवस्था बनाए रखने को कहा। साथ ही सी-प्लान ऐप में ग्राम प्रधानों की सूची अपडेट करने और डिजिटल वालंटियर ग्रुप में प्रत्येक गांव के कम से कम 10 संभ्रांत लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित विवरण आईआरएडी ऐप पर समय से अपलोड करने और डायल 112 की कार्रवाई की फीडिंग निर्धारित समय में पूरी करने को भी कहा।
निरीक्षण के बाद एसपी डॉ. ईरज राजा और एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस बल ने बांसडीह कस्बे के प्रमुख स्थानों पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और उनकी तलाशी भी ली गई। एसपी ने रात्रि गश्त को और सघन बनाने तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा, एसपी के पीआरओ, प्रभारी निरीक्षक बांसडीह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.
