गढ़िया में मैजिक बाइक की भिड़ंत में युवक घायल

कोतवाली क्षेत्र के रसड़ा-मऊ मार्ग पर गढ़िया में बुधवार की दोपहर दो बजे स्कूल के मैजिक गाड़ी एवम बाइक की टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगो की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र ले जाया गया. युवक की हालत गम्भीर होने के चलते उसे डाक्टरों ने मऊ के लिए रेफर कर दिया. बताया जाता है कि कोतवाली क्षेत्र के सरायभारती निवासी नीरज सिंह (25) पुत्र चंद्रदीप सिंह अपने बाइक से घर जा रहे थे. इसी दौरान स्कूल के बच्चों को छोड़ कर मैजिक वापस लौट रही थी. मैजिक और बाइक की भिड़ंत में नीरज घायल हो गए.

आज अता की जाएगी नमाज, रसड़ा में भी तैयारियां पूरी

रसड़ा नगर सहित ग्रामीण अंचलों के विभिन्न मस्जिदों में पाक माह रमजान के ईदुल फ़ितर की नमाज सात जुलाई को अदा की जाएगी. नगर के पुरानी मस्जिद में हाफिज अमान अली सात बज कर तीस मिनट पर, हज्जिन मस्जिद में मौलाना अख्तर कराहनी एवम मदधु मुहल्ला मस्जिद की नामज सात बजकर पैतालिस मिनट पर, ईदगाह पर आठ बजे मौलाना सरवर, मुन्सफी मस्जिद में एनामुल हक़ आठ बजकर पन्द्रह मिनट पर नमाज अदा कराएंगे. कोटवारी सरायभारती कोप कुरेम सरदास पुर, नगहर, नवपुरा, कंसो, पटना, अठीलापुर, सिसवार जाम आदि गांवों के मस्जिदों में ईदुल फितर की भी नमाज पढ़ाई जाएगी.

सपा-बसपा केवल अहीरों-चमारों की शुभचिंतक – राजभर

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओ की मासिक बैठक बुधवार को पार्टी की मिरनगंज स्थित कार्यालय पर सम्पन्न हुई. बैठक में 9 जुलाई को मऊ में आयोजित अतिपिछड़ा अतिदलित जागरूकता महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने के संकल्प लिया गया. बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा की मऊ के इस महापंचायत में सपा-बसपा के आरक्षण के खेल का पोल खोला जाएगा. ये दोनों पार्टियां केवल अहीर व चमार जाति के लोगो को ही लाभ पहुंचाने का काम कर रही हैं. अन्य जातियों को केवल छलने का काम कर रही हैं.

जिला अस्पताल में दिया इलाज का भरोसा

श्री नाथ बाबा पवित्र भूमि के सदस्य गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा में अधीक्षक से मिलने पहुंचे थे. असल में वे विद्याशंकर जी के अंगुली के ऑपरेशन की शिकायत लेकर पहुंचे थे. मगर अधीक्षक नहीं मिले. इस बात से वे आक्रोशित हो गए और सीएचसी परिसर में ही दिन में 11 बजे धरने पर बैठ गए. वे नारेबाजी करते हुए सरकारी तन्त्र को जमकर कोसे. आनन फानन में अधीक्षक एक बजे के करीब पहुंचे. प्रदर्शनकारियों की बातों को उन्होंने सुना तथा उच्चाधिकारिओ को इससे अवगत कराया. पीड़ित को तत्काल जिला अस्पताल से इलाज का भरोसा दिया गया. सम्बंधितों के खिलाफ कार्रवाई का भी भरोसा दिया गया.

पेड़ से गिरकर अधेड़ ने दम तोड़ा

रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सिपहां, रसड़ा में पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहे अधेड़ की डाली टूटकर गिर जाने से मौत हो गई. घटना की जानकारी होते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सिपहां (रसड़ा) निवासी मुन्ना राजभर (50) पुत्र चन्द्रदेव राजभर बुधवार की सुबह बागीचे में पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहा था. आम तोड़ते समय वह पेड़ के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया. इसी बीच अचानक डाली टूटकर नीचे गिर गई. इस वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

रसड़ा के श्रीनाथ बाबा सरोवर में युवक डूबा, मौत

रसडा नगर के श्रीनाथ बाबा सरोवर में मंगलवार को स्नान करने के लिए कोतवाली क्षेत्र के छितौनी निवासी राजेश शर्मा उर्फ अटल (18) पुत्र परमानंद शर्मा गया हुआ था. गहरे पानी में फिसल जाने की वजह से वह डूबने लगा, इसकी भनक लगने पर आसपास के लोगों ने उसे निकाला और रसड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया. हालांकि चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.