प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग ले रहे युवाओं के लिए मां त्रिपुर सुन्दरी सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को एफएनजी स्कूल रानीगंज (पूरब फाटक) परिसर में एक मोटिवेशन शिविर का आयोजन किया गया है. इसमें आ रहे विशेषज्ञ वक्ताओ द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने की तैयारी में जुटे युवाओं को तैयारी से सम्बन्धित आवश्यक टिप्स बताए जाएंगे.
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गाजीपुर को फिर एक तोहफा दिया है. शुक्रवार को अपनी कैबिनेट बैठक में उन्होंने प्रेक्षागृह के प्रस्ताव को मंजूरी दी. गाजीपुर का यह पहला प्रेक्षागृह होगा. अर्से से इसकी कमी महूसस की जा रही थी. सीडीओ गाजीपुर अरविंद पांडेय ने बताया कि स्वीकृत प्रेक्षागृह विकास भवन कैंपस में बनेगा.
जनपद के जिला मुख्यालय पर 20 नवम्बर रविवार को 11 बजे आम घाट पार्क में आयोजित “प्रगति की ओर एक कदम और” गाजीपुर नगर की त्वरित आर्थिक बिकास योजनान्तर्गत गाजीपुर शहर के एक साथ 215 सड़कों का शिलान्यास धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र के द्वारा किया जाएगा. यह जानकारी मंत्री प्रतिनिधि जेपी चौरसिया के द्वारा दी गयी है. श्री चौरसिया ने इस कार्यक्रम में सभी से समय से उपस्थित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
अवैध शराब के विरूद्ध पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण द्वारा चलाए गए अभियान में रोकथाम व बरामदगीमें भारी सफलता मिली है. जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों के निर्देशन में अवैध शराब के कारोबारियों के विरूद्ध अभियान चलाया गया, जिसमे सभी थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों से 57 व्यक्तियों के कब्जे से 451 लीटर अवैध शराब तथा 05 मोटरसाइकिलें, 09 साइकिलें बरामद की गईं व 115 कुन्तल लहन नष्ट किया गया. इसमें 22 मुकदमों में 57 आरोपियों का चालान किया गया.
1971 भारत पाक युद्ध के नायक महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पाण्डेय की मूर्ति स्थापना के लिए शुक्रवार को गाजीपुर जनपद के जखनियां रेलवे स्टेशन पर रेलवे सलाहकार समिति सदस्य श्रीराम जायसवाल द्वारा नारियल तोड़कर भूमिपूजन किया गया, जहां शहीद की मूर्ति का अनावरण 26 नवम्बर शनिवार को रेल राज्यमंत्री/ संचार मंत्री मनोज सिन्हा द्वारा किया जाएगा.
भांवरकोल थानान्तर्गत भांवरकोल चट्टी के पास गुरुवार की रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार बाइक की जोरदार टक्कर से एक अधेड़ मजदूर की मौत हो गई. हादसे के बाद चालक बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस शव को लेकर थाने पर आई. शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
पंचकोशी परिक्रमा सह पंचकोश मेला इस माह की उन्नीस तारीख से प्रारंभ हो रहा है. जिसका शुभारंभ शनिवार को अहिरौली से होगा. विश्व विख्यात बक्सर के इस मेले को लोग लिट्टी-चोखा मेला के नाम से जानते हैं. यह मेला अब बक्सर जिले की पहचान बन चुका है. अन्य प्रदेशों और जिलों में बसे लोग इस तिथि को हर दम याद रखते हैं.
नरही थाना क्षेत्र मे आज गाजीपुर सीमा पर स्थित कोटवा नरायनपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थानीय व्यवसायियों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण कर लेने से आने जाने वाले लोगों व वाहनों को काफी असुविधा होती थी. आम जनता की शिकायत पर थानाध्यक्ष नरही परमानन्द द्विवेदी व चौकी इन्चार्ज कोरण्टाडीह नान्हू यादव द्वारा शुक्रवार को भारी संख्या मे पुलिस बल लेकर सड़क पर से अतिक्रमण हटवाया गया.
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेला के भारतेंदु कला मंच पर शुक्रवार को आयोजित फाइनल में राहुल यादव ने बलिया केसरी का खिताब जीत लिया. उन्होंने पिछले वर्ष के बलिया केसरी रहे अंचल सिंह को परास्त किया है. नगर पालिका परिषद बलिया के तत्वावधान में आयोजित इस दंगल की शुरुआत बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने बजरंगबली के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद फीता काटकर किया.
