प्रधान पति के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज
बांसडीह, बलिया. कोतवाली क्षेत्र के पतिसा (बकवा) में पांच दिन पूर्व महिला के साथ हुई छेड़खानी के मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जितौरा के प्रधान पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पीड़िता एवं वादिनी महिला ने अपने तहरीर में बताया है कि वह बीते 29 तारीख की भोर में अपने घर से खेतों की तरफ गयी थी.
इसी दौरान गलत नीयत से पहले से ही घात लगाकर वहां मौजूद दिवाकर यादव ने उसे पीछे से पकड़ लिया और उसके साथ गलत हरकत करने लगा. महिला के विरोध करने पर प्रधान पति द्वारा उसे सहयोग करने और आवास दिलाने का आश्वासन भी दिया गया. इसके बाद महिला ने किसी तरह उससे जान बचाई और वहां से भाग निकली.
घटना के बाद महिला द्वारा पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी गयी लेकिन प्रधान पति के रसूख से मामले में कोई कार्रवाई नही हुई. प्रकरण में कहासुनी और पंचायत के साथ महिला का मान मनौव्वल किया जाता रहा. इसके बाद पीड़िता ने शनिवार को तहसील दिवस में भी घटनाक्रम की शिकायत की.
मामले में लगातार पंचायत और दबाव के बाद भी जब महिला अपनी शिकायत से पीछे नही हटी तो पुलिस ने प्रकरण में रविवार शाम को मुकदमा दर्ज कर लिया. इस संबंध में इंस्पेक्टर बांसडीह योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्रधान पति के खिलाफ छेड़खानी का अभियोग पंजीकृत किया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

