कउड़ा के राख छिटकी चिंगारी से लगी आग, दो रिहायशी मड़हे जले

सिकंदरपुर(बलिया)। थाना क्षेत्र के जमुई गांव में गुरुवार की रात में कौड़ के राख से निकली चिंगारी से लगी आग में दो आवासीय झोपड़ियों सहित हजारों रुपए के सामान जलकर राख हो गए. आग लगने की सूचना पर मौके पर इकट्ठा लोगों ने यदि तत्परता से उस पर काबू नहीं पाया होता तो तबाही बढ़ सकती थी. गांव के चंद्रमा राजभर के परिवार के सदस्य शाम को कौड़ जलाए थे. रात में करीब 9:00 बजे कौड़ से निकली एक चिंगारी उड़कर उनकी झोपड़ी पर चली गई. जिससे उसमें आग पकड़ लिया. परिवार वाले उसे बुझाने के प्रयास के साथ ही शोर मचाने लगे. शोर पर जब तक गांव वाले मौके पर पहुंचे तब तक आग बगल के मानिक चंद राजभर की झोपड़ी तक फैल गया. मौके पर इकट्ठा लोगों ने जब तक अथक प्रयास करके आग पर काबू पाया तब तक दो झोपड़ियों सहित उसने पड़ा अनाज, कपड़े, बिस्तर, चौकी व चारपाई तथा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए.