

सुरहा की तर्ज पर स्थानीय नाविकों को भी रोजगार के दिए जाएंगे अवसर
बलिया: प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सुरहा क्षेत्र की तरह गंगा किनारे के नाविकों के भी दिन जल्द बहुरेंगे. जिस तरह सुरहा ताल में पर्यटन को पंख दिया गया है, वैसे ही गंगा किनारे के नाविकों को भी रोजगार के भरपूर अवसर दिए जाएंगे. इसकी रुपरेखा तय की जा रही है.
श्री सिंह बुधवार को जिले में प्रवास के दौरान कहा कि जनपद को देश के पर्यटन के मानचित्र पर लाना प्राथमिकता पर है और इसके लिए हरसंभव प्रयास होगा. पर्यटन के लिहाज से यहां अपार संभावनाएं हैं, जिसे विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया है. श्री सिंह ने कहा कि भृगु कारिडोर यहां पर्यटन का मुख्य केंद्र बनेगा. जल परिवहन के क्षेत्र में बलिया हर मामले अव्वल रहेगा. इसमें स्थानीय नाविकों व निषाद जाति के लोगों को रोजगार से जोड़ना प्रमुख लक्ष्य है.
सुरहा में पर्यटन के शुरू हो जाने से स्थानीय नाविकों व अन्य लोगों को रोजगार के काफी अवसर मिलेंगे. इसी तरह गंगा नदी में जलमार्ग के विकसित होने के बाद स्थानीय नाविकों को भी इसका लाभ मिलने लगेगा. इसमें आगे कटहल नाला के रास्ते गंगा नदी को सीधे सुरहा से जोड़ने का काम किया जाएगा. इसके लिए गंगा किनारे के नाविकों की सारी जानकारी जुटाने के निर्देश दे दिए गए हैं. प्रशासन से इसका भी प्रस्ताव बनाकर शासन में भेजने को कहा जाएगा.
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
श्री सिंह ने कहा कि आने वाले समय में अपना जनपद किसी भी बड़े शहरों से कम नहीं रहेगा. कहा इसके अलावा शहर में नाली निर्माण, सीवरेज व्यवस्था आदि को भी जल्द दुरुस्त कराया जाएगा.
बलिया से केके पाठक की रिपोर्ट
