
Please LIKE and FOLLOW बलिया LIVE on FACEBOOK page https://www.facebook.com/BalliaLIVE
रविशंकर पांडेय,बांसडीह,बलिया
बांसडीह,बलिया. सरयू नदी के तेज कटान को रोकने के लिए करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कटान रोधी इंतजाम विफल होने से महराजपुर और चांदपुर के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ के नेतृत्व में ग्रामीण अधिकारियों का दरवाजा खटखटाने पहुंच गए.
ग्रामीणों ने प्रभारी उपजिलाधिकारी/तहसीलदार नितिन कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर युद्धस्तर पर कटानरोधी कार्य शुरू कराने तथा करोड़ों रुपये की लागत से बने ठोकरों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि महराजपुर को सरयू नदी के कटान से बचाने के लिए सरकार ने करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से 17 ठोकर (कटर) के निर्माण की स्वीकृति दी थी, लेकिन निर्माण में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और घटिया गुणवत्ता के कारण आज अधिकांश ठोकर नदी की धारा में बहने लगे हैं। जिन संरचनाओं से गांव को बचाने की उम्मीद थी, वही अपना अस्तित्व खोने की कगार पर पहुंच गई हैं। नतीजतन महराजपुर और चांदपुर पर नदी में समा जाने का खतरा गहरा गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि सरयू की धारा तेजी से आबादी की ओर बढ़ रही है। खेत लगातार नदी में समा रहे हैं और अब लोगों के सिर से आशियाना छिनने का खतरा पैदा हो गया है। गांव में भय और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो दोनों गांवों का अस्तित्व बचा पाना मुश्किल हो जाएगा।
ज्ञापन में मांग की गई कि महराजपुर और चांदपुर को बचाने के लिए तत्काल युद्धस्तर पर कटानरोधी कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही 17 ठोकरों के निर्माण पर खर्च हुई सरकारी धनराशि की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा मानक के अनुरूप दोबारा स्थायी सुरक्षा कार्य कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रभात कुमार मौर्य, वीरेंद्र यादव, ग्राम प्रधान मुनीब यादव, आदित्य प्रताप सिंह योगी, अशोक सिंह, परमात्मा वर्मा, विजय सिंह, आदित्य सिंह, कन्हैया शर्मा, वीरेंद्र पाल, मिथिलेश यादव, विहारी यादव, उपेंद्र यादव, छात्र नेता दीपक यादव, प्रमोद पाल, भृगुनाथ यादव, लालबहादुर यादव, शिवजनम यादव, भीम यादव, रामलाल पाल, रामलाल यादव, छितेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कटान क्षेत्र पहुंचे तहसीलदार
सरयू नदी की उफनती धाराओं के बीच सोमवार को तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम से जिलाधिकारी को अवगत कराया। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल नदी का जलस्तर रविवार की अपेक्षा कुछ कम हुआ है, लेकिन लगातार हो रही मूसलाधार बारिश कभी भी हालात बदल सकती है।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने बताया कि जलस्तर में आई मामूली गिरावट से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहने से नदी के फिर उफान पर आने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
कटान से दहशत में जी रहे परिवारों के लिए राहत कार्य भी तेज कर दिए गए हैं। पहले चरण में कई प्रभावित परिवारों को तिरपाल वितरित किए जा चुके हैं। अब शेष परिवारों के लिए तिरपाल और सोलर लाइट उपलब्ध कराने के लिए खंड विकास अधिकारी मनियर से समन्वय किया गया है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सभी प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचा दी जाएगी, ताकि बारिश और अंधेरे के बीच उन्हें कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
तहसीलदार ने बताया कि कटान से प्रभावित मकानों और कृषि भूमि का आकलन पूरा कर लिया गया है। नदी की भयावह रफ्तार को देखते हुए कई परिवारों ने अपने पुश्तैनी आशियाने खुद ही तोड़ दिए हैं, ताकि अचानक कटान होने पर जान-माल का नुकसान न हो। हालांकि अभी उन मकानों तक नदी का कटान नहीं पहुंचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही कटान आबादी क्षेत्र तक पहुंचेगा और मकान वास्तविक रूप से प्रभावित होंगे, शासन की ओर से प्रत्येक पात्र परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उधर, भोजपुरवा में हर गुजरता दिन लोगों की बेचैनी बढ़ा रहा है। ग्रामीणों की निगाहें नदी की बदलती धारा पर टिकी हैं। दिन में बारिश और रात में कटान का डर लोगों की नींद छीन रहा है। खेतों के बाद अब घरों पर मंडरा रहे खतरे ने पूरे गांव को असमंजस में डाल दिया है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, लेकिन ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता यही है कि यदि बारिश का दौर नहीं थमा, तो घाघरा की धाराएं कभी भी गांव के और करीब पहुंच सकती हैं।
Breaking News और बलिया की तमाम खबरों के लिए आप सीधे हमारी वेबसाइट विजिट कर सकते हैं.
Website: https://ballialive.in/
Facebook: https://www.facebook.com/BalliaLIVE
X (Twitter): https://twitter.com/ballialive_
Instagram: https://www.instagram.com/ballialive/
Threads: https://www.threads.net/@ballialive
अब बलिया की ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN करें – नीचे दिये गये लिंक को आप टैप/क्लिक कर सकते हैं.
https://whatsapp.com/channel/0029VaADFuSGZNCt0RJ9VN2v
आप QR कोड स्कैन करके भी बलिया लाइव का Whatsapp चैनल FOLLOW/JOIN कर सकते हैं.

