

नगरा,बलिया. नगरा क्षेत्र के डूमाडांड़ गांव में मंगलवार की सुबह विवादित भूमि में खोले गए दरवाजे को लेकर बुलाई गई पंचायत के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए. दोनों तरफ से करीब आधे घंटे तक लाठी, डंडे व ईंट पत्थर चले. इस दोनों पक्षों से एक दर्जन घायल हो गए.
सभी घायलों को तुरंत पीएचसी नगरा पहुंचाया गया जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दो को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. गांव में एक जमीन को लेकर सूरज यादव व मनन यादव के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है. इसको लेकर न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है.

विवादित भूमि गत कई साल से परती पडी हुई है. उसी जमीन की तरफ झब्बर यादव ने अपने मकान के पश्चिम तरफ दरवाजा खोल दिया. इसका मनन यादव का परिवार विरोध कर रहा है. घटना के दिन मनन पक्ष के लोगों ने दरवाजे को लेकर पंचायत बुलाई थी.
This Post is Sponsored By Memsaab & Zindagi LIVE
पंचायत में ही दोनों पक्षों के बीच तू तू- मैं मैं व गाली-गलौंच शुरु हो गई. मनन पक्ष के लोगों ने दरवाजे पर लगी शटरिंग को तोड़ना शुरु कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठियां तडतडाने लगीं. महिलाएं- महिलाओं से तो पुरुष- पुरुष आपस में भिड़ गए.
दोनों तरह से ईंट-पत्थर भी चले. घटना में किसी का सिर फटा तो किसी का हाथ टूटा. घटना के बाद गांव में सन्नाटा है. इसमें एक पक्ष के हरिशंकर यादव , रामनारायण, राजनारायण, मनन , अनिल व सोनू दुसरे पक्ष से झब्बर यादव, कमलावती, शैलेश, उमेश, रामध्यान, छोटेलाल घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से हरिशंकर व उमेश को बलिया रेफर कर दिया गया.
(नगरा से संतोष द्विवेदी की रिपोर्ट)
