(बलिया न्यूज ब्यूरो)
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का शुक्रवार रात लखनऊ के पीजीआई में निधन हो गया. वह लंबे समय से बीमार थे. रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 10:15 बजे उनके निधन की सूचना मिली.
रामगोविंद चौधरी का राजनीतिक जीवन कई दशकों तक चला. शुरुआत छात्र राजनीति से हुई. बलिया के मुरली मनोहर टाउन महाविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह छात्र राजनीति में सक्रिय हुए. बाद में जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से जुड़े और आपातकाल के दौरान जेल भी गए.
1977 में पहली बार विधायक बने
रामगोविंद चौधरी पहली बार 1977 में चिलकहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए. इसके बाद 1980, 1985, 1989 और 1991 में भी उन्होंने चिलकहर का प्रतिनिधित्व किया. बाद के वर्षों में उनका राजनीतिक क्षेत्र बांसडीह बन गया.
अपने लंबे राजनीतिक सफर में वह कुल आठ बार विधायक रहे. 2017 में बांसडीह से जीत के बाद समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव ने रामगोविंद चौधरी को उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया.
मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की दोनों सरकारों में मंत्री रहे
रामगोविंद चौधरी ने मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली. बाद में अखिलेश यादव की सरकार बनी तब भी वह मंत्री रहे. इस दौरान उनके पास बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण और पंचायती राज जैसे विभागों की जिम्मेदारी रही.
2017 के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने विपक्ष की भूमिका निभाई. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बांसडीह से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़े, लेकिन हार का मुंह देखना पड़ा.
रामगोविंद चौधरी के निधन की खबर से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है. राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे रामगोविंद चौधरी बलिया की राजनीति में बड़ा चेहरा रहे.
SP नेता अखिलेश यादव ने जताया शोक
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा है, ‘पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!’
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन, अत्यंत दुःखद !
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि ! pic.twitter.com/8GeCP8UcpT
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 25, 2026