बलिया की रैली से लौट रहे सपा नेता की सड़क दुर्घटना में मौत

​रसड़ा (बलिया)। रसड़ा-बलिया मार्ग स्थित संवरा चट्टी  के समीप बुधवार की रात साढ़े नौ बजे डीसीएम के धक्के से बाइक सवार सपा नेता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. धक्का मारने डीसीएम चालक गाडी लेकर फरार हो गया. मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

कोतवाली क्षेत्र के रत्तोपुर  निवासी सपा नेता रामजनम यादव (50) रसड़ा से बाइक से  रिमझिम बरसात में घर लौट रहे थे. संवरा चट्टी  के समीप बलिया की तरफ से आ रही  डीसीएम जोरदार धक्का मारकर भाग निकला.  आसपास के लोग पहुंचते तब तक रामजन्म की मौत हो गई थी. राम जन्म बलिया में सपा द्वारा आयोजित  रैली में  भाग लेने बलिया गए हुए थे. रैली से वापस आकर  रसड़ा से बाइक से घर जा रहे थे. राम जन्म के दो पुत्र एवं एक पुत्री है. मनीष एवं सुमित दोनों पुत्र बाहर में प्राइवेट  नौकरी करते हैं. वही पुत्री इंटर की छात्रा प्रियंका है. मनीष की शादी तय कर चुके थे, जबकि प्रियंका की शादी की तैयारी में थे. पत्नी उर्मिला देवी एवं पुत्री प्रियंका का  रोते-रोते बुरा हाल है.  सपा नेता की मृत्यु खबर मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं मे भी शोक की लहर दौड़ गई.